विद्यार्थियों में अध्ययन की रुचि और संस्कार विकसित करने की पहल, विद्यालय परिवार ने जताया आभार
रामगढ़ (झारखंड) : सामाजिक एवं आध्यात्मिक क्षेत्र में सक्रिय प्रतिष्ठित संस्था शांतिधारा फाउंडेशन ने शिक्षा और संस्कार को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए छावनी कन्या उत्क्रमित मध्य विद्यालय, रामगढ़ के पुस्तकालय के लिए प्रेरक, शिक्षाप्रद एवं आध्यात्मिक विषयों पर आधारित 40 नई पुस्तकें उपहार स्वरूप प्रदान कीं।
इस अवसर पर संस्था के संस्थापक एवं अध्यक्ष सुरेश पी. अग्रवाल ने कहा कि विद्यार्थियों में पढ़ने की आदत विकसित करने, सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने और नैतिक मूल्यों का विकास करने के उद्देश्य से फाउंडेशन द्वारा क्षेत्र के विभिन्न मध्य विद्यालयों को चरणबद्ध तरीके से पुस्तकें उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित रहना पर्याप्त नहीं है। जीवन में सफलता, व्यक्तित्व विकास और राष्ट्र निर्माण में सार्थक योगदान देने के लिए प्रेरणादायी एवं ज्ञानवर्धक पुस्तकों का अध्ययन भी उतना ही आवश्यक है।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक शक्ति चन्द्र पोदार ने पुस्तकें प्राप्त करते हुए शांतिधारा फाउंडेशन के इस प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय में नई पुस्तकों के जुड़ने से विद्यार्थियों को अतिरिक्त ज्ञान प्राप्त करने का अवसर मिलेगा और उनमें पढ़ने की रुचि भी बढ़ेगी। उन्होंने इस सहयोग के लिए संस्था के प्रति विद्यालय परिवार की ओर से आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक आलोक कुमार गुप्ता, शिक्षिका कोमल सिन्हा सहित विद्यालय के सभी शिक्षक उपस्थित रहे।