राज्यपाल से मिले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, जेपीएससी-जेएसएससी भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और छात्र आंदोलन पर हुई चर्चा

Spread the love

रांची (झारखंड) : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को राजभवन स्थित लोकभवन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात कर झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) एवं झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की नियुक्ति प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं तथा इसके विरोध में रांची में चल रहे छात्र आंदोलन की जानकारी दी।

बैठक के दौरान राज्यपाल ने छात्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि परीक्षा एवं नियुक्ति प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि युवाओं का आयोगों पर विश्वास कायम रहना चाहिए और आयोग इस प्रकार कार्य करें कि उनकी निष्पक्षता एवं पारदर्शिता पर किसी भी प्रकार का प्रश्नचिह्न न लगे। राज्यपाल ने भर्ती प्रक्रियाओं में सामने आई कथित अनियमितताओं को गंभीर विषय बताया।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्यपाल को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार छात्रों को न्याय दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि युवाओं के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा तथा मामले में आवश्यक और उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक के दौरान राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी उपस्थित रहे।