9 अगस्त को रामगढ़ में होगा वैश्य क्रांति सम्मेलन, केंद्रीय नेताओं की रहेगी मौजूदगी
रांची / रामगढ़, (झारखंड) : झारखंड प्रदेश वैश्य मोर्चा की कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को रांची के कांके स्थित कार्यकारी अध्यक्ष हीरानाथ साहु के आवासीय कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय अध्यक्ष महेश्वर साहु ने की। इसमें 9 अगस्त को रामगढ़ के रोटरी क्लब में आयोजित होने वाले वैश्य क्रांति सम्मेलन की तैयारियों तथा 30-31 अक्टूबर को कांके में प्रस्तावित तृतीय महाधिवेशन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि वैश्य समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर संगठन एक बार फिर व्यापक जनआंदोलन चलाएगा। वक्ताओं ने कहा कि 9 अगस्त को रामगढ़ में आयोजित होने वाला वैश्य क्रांति सम्मेलन इसी आंदोलन की महत्वपूर्ण कड़ी होगा। सम्मेलन को सफल बनाने के लिए सभी केंद्रीय पदाधिकारियों एवं सदस्यों से अपने-अपने क्षेत्रों से अधिकाधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा आर्थिक सहयोग देने का आह्वान किया गया।
बैठक में 30 एवं 31 अक्टूबर को कांके में प्रस्तावित तृतीय महाधिवेशन की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। निर्णय लिया गया कि 17 अगस्त को कांके में आयोजित केंद्रीय समिति की बैठक में महाधिवेशन की सफलता के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया जाएगा।
इस दौरान कोर कमेटी ने प्रस्ताव पारित कर जेपीएससी एवं जेएसएससी परीक्षाओं में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलनरत छात्रों के समर्थन की घोषणा की। संगठन ने राज्य सरकार से परीक्षा प्रक्रिया में गड़बड़ी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की मांग की।
बैठक में कार्यकारी अध्यक्ष हीरानाथ साहु, वरीय उपाध्यक्ष संजीव चौधरी, बद्री भगत, संगठन महासचिव अनिल वैश्य, केंद्रीय सचिव राजेंद्र साहु, मीडिया प्रभारी राहुल कुमार साहु, केंद्रीय सदस्य डॉ. अरविंद कुमार, टंडवा प्रखंड प्रमुख सीताराम साव, युवा मोर्चा अध्यक्ष हलधर साहु एवं सचिव आदित्य पोद्दार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती रेखा मंडल, केंद्रीय उपाध्यक्ष लक्ष्मण साहु, संगठन महासचिव कृष्णा साहु केशरी, उप प्रधान महासचिव अशोक गुप्ता तथा महिला मोर्चा की कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती नम्रता सोनी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुईं।