प्रायोजन योजना के संबंध में छावनी उत्क्रमित उच्च विद्यालय में विधिक जागरूकता कार्यक्रम

Spread the love

रामगढ़ कैंट, झारखंड : प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार रामगढ़ मोहम्मद तौफीकुल हसन के मार्गदर्शन एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार अनिल कुमार के तत्‍वावधान में बुधवार को छावनी उत्क्रमित उच्च विद्यालय, नईसराय में बच्चों एवं अभिभावकों के बीच प्रायोजन योजना (स्पॉन्सरशिप योजना) के संबंध में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अभिभावकों को प्रायोजन योजना के उद्देश्य एवं पात्रता के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि प्रायोजन योजना का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद एवं कठिन परिस्थितियों में जीवन-यापन कर रहे बच्चों को आवश्यक आर्थिक एवं सामाजिक सहायता उपलब्ध कराकर उनके संरक्षण, शिक्षा एवं समुचित विकास को सुनिश्चित करना है।

इस अवसर पर बच्चों को उनके कानूनी अधिकार, बाल संरक्षण, शिक्षा के अधिकार तथा बाल श्रम एवं बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों से बचाव के संबंध में भी जानकारी दी गई। उपस्थित लोगों को बताया गया कि जरूरतमंद बच्चों एवं उनके परिवारों को सरकारी योजनाओं तथा निःशुल्क विधिक सहायता का लाभ दिलाने में जिला विधिक सेवा प्राधिकार महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कार्यक्रम में उपस्थित पैरा लीगल वॉलेंटियर्स ने प्रतिभागियों की समस्याओं एवं जिज्ञासाओं का समाधान किया। साथ ही, आवश्यकता पड़ने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार से संपर्क कर निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों से अपील की गई कि वे बाल अधिकारों के प्रति जागरूक रहें तथा किसी भी बच्चे को उसके अधिकारों से वंचित किए जाने की स्थिति में संबंधित प्राधिकार को इसकी सूचना दें।

कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या शीला बाला, अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा पैरा लीगल वॉलेंटियर्स सुदीप रंजन एवं उमेश कुमार गुप्ता मौजूद रहे।