खाद्य सुरक्षा विभाग का औचक जांच अभियान, फैमिली मार्ट में मिले 10 हजार एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक

Spread the love

सात दिनों में एक्सपायर्ड उत्पादों को रिकॉल या नष्ट करने का निर्देश, अनुपालन नहीं होने पर होगी कार्रवाई

रामगढ़, झारखंड : उपायुक्त, रामगढ़ के निर्देशानुसार जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुरुवार को विभिन्न प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। अभियान का उद्देश्य खाद्य पदार्थों में मिलावट, एक्सपायर्ड सामग्री की बिक्री तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर प्रभावी कार्रवाई करना है।

इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने फैमिली मार्ट, नईसराय, ब्लिंकिट वेयरहाउस, झंडा चौक रामगढ़ तथा रिलायंस स्मार्ट प्वाइंट, मेन रोड रामगढ़ का औचक निरीक्षण किया।

फैमिली मार्ट में मिले करीब 10 हजार एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक

निरीक्षण के दौरान फैमिली मार्ट, नईसराय में करीब 10,000 बोतल एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक पाए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग ने इसे आमजनों के स्वास्थ्य की दृष्टि से गंभीर मामला माना। संबंधित खाद्य कारोबारी को निर्देश दिया गया कि सात दिनों के भीतर कंपनी से उक्त उत्पाद को रिकॉल कराया जाए अथवा नियमानुसार अपने स्तर से नष्ट किया जाए।

विभाग ने स्पष्ट किया कि निर्धारित अवधि में निर्देश का पालन नहीं करने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

ब्लिंकिट और रिलायंस स्मार्ट प्वाइंट को दस्तावेज अपलोड करने का निर्देश

इसके बाद टीम ने ब्लिंकिट वेयरहाउस और रिलायंस स्मार्ट प्वाइंट, रामगढ़ का भी निरीक्षण किया। संबंधित प्रतिष्ठानों को आवश्यक दस्तावेज 14 दिनों के भीतर FoSCoS (Food Safety Compliance System) पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया गया।

निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने वाले तथा भ्रामक (Misleading) खाद्य उत्पादों को कंपनी स्तर से रिकॉल कराने के लिए भी आवश्यक निर्देश दिए गए।

खाद्य कारोबारियों को मानकों का पालन करने की चेतावनी

खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा कि जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने तथा एक्सपायर्ड अथवा निर्धारित मानकों के विपरीत खाद्य सामग्री की बिक्री नहीं करने का निर्देश दिया गया है।

जांच टीम में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मो. मंजर हुसैन, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डेरिक तिग्गा एवं खाद्य सुरक्षा कार्यालय के लुकेश रवानी शामिल थे।