रामगढ़, झारखंड : उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल, हजारीबाग के आयुक्त श्री विजय कुमार गुप्ता ने शनिवार को रामगढ़ जिले का दौरा कर मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 (SIR-2026) के तहत चल रहे दावा एवं आपत्ति चरण की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने समाहरणालय सभाकक्ष में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्ष, सचिव एवं प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।
बैठक की शुरुआत जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, रामगढ़ द्वारा सभी जनप्रतिनिधियों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के स्वागत के साथ हुई। इसके बाद आयुक्त ने SIR-2026 के गणना चरण के बाद आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया एवं वर्तमान दावा-आपत्ति चरण की विस्तृत जानकारी दी।
1,58,935 मतदाताओं के मामलों में आवश्यक मैपिंग नहीं
आयुक्त ने बताया कि 5 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद रामगढ़ जिले के दोनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 1,58,935 ऐसे मतदाता चिह्नित किए गए हैं, जिनकी पूर्व निर्वाचक नामावली से आवश्यक मैपिंग नहीं हो पाई है अथवा जो Logical Discrepancy के अंतर्गत आते हैं।
उन्होंने बताया कि ऐसे मतदाताओं को नियमानुसार नोटिस जारी किए जा रहे हैं। संबंधित मतदाताओं द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों के सत्यापन और नियमानुसार सुनवाई की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र पाए जाने वाले मतदाताओं के नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे।
इन मामलों की सुनवाई एवं दस्तावेजों के सत्यापन के लिए 22-बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र में 12 तथा 23-रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 11 EROs/AEROs/Addl. AEROs की प्रतिनियुक्ति की गई है।
15 सितंबर तक दावा-आपत्ति से जुड़े कार्य पूरे करने का लक्ष्य
बैठक में बताया गया कि दावा एवं आपत्ति चरण के तहत 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र भारतीय नागरिकों से घोषणा-पत्र सहित प्रपत्र-6 प्राप्त कर उनका मतदाता सूची में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित किया जाना है।
इसके अलावा वर्ष 2003 की निर्वाचक नामावली में नाम दर्ज नहीं होने वाले पात्र नागरिकों तथा गणना प्रपत्र प्रस्तुत नहीं करने वाले पात्र नागरिकों से भी घोषणा-पत्र सहित प्रपत्र-6 प्राप्त कर नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की कार्रवाई की जानी है।
एक ही परिवार के सदस्यों का नाम उनके निवास के निकट स्थित एक ही मतदान केंद्र पर रखने के लिए संबंधित मतदाताओं से प्रपत्र-8 प्राप्त करने तथा मतदान केंद्र क्षेत्र के नजरी नक्शे के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में ऐसे पात्र भारतीय नागरिकों के संबंध में भी जानकारी दी गई, जो वर्तमान में सामान्यतः झारखंड में निवास करते हैं, लेकिन बिहार, पश्चिम बंगाल या अन्य राज्यों की निर्वाचक नामावली में पंजीकृत हैं। ऐसे मतदाताओं से घोषणा-पत्र सहित प्रपत्र-8 प्राप्त कर उनका नाम झारखंड की निर्वाचक नामावली में स्थानांतरित कराने की कार्रवाई की जानी है।
इन सभी कार्यों को 15 सितंबर 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील
आयुक्त श्री विजय कुमार गुप्ता ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि प्रारूप मतदाता सूची में नाम से वंचित पात्र नागरिकों से निर्धारित समय-सीमा में प्रपत्र-6 एवं घोषणा-पत्र प्राप्त कर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराने में सहयोग करें।
उन्होंने एक ही परिवार के मतदाताओं का नाम उनके निवास के निकट एक ही मतदान केंद्र पर रखने तथा अन्य राज्यों में पंजीकृत लेकिन वर्तमान में रामगढ़ जिले में सामान्य रूप से निवास करने वाले पात्र मतदाताओं का नाम झारखंड की मतदाता सूची में शामिल अथवा स्थानांतरित कराने में भी सहयोग देने का अनुरोध किया।
बैठक के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए विभिन्न सवालों एवं शंकाओं का भी निराकरण किया गया। इस दौरान त्रुटिरहित, शुद्ध एवं समावेशी मतदाता सूची तैयार करने के लिए सभी राजनीतिक दलों से सक्रिय सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की गई।
सुनवाई स्थलों का किया निरीक्षण
बैठक के बाद आयुक्त ने नोटिस चरण के तहत 5 सितंबर को सुनवाई के लिए निर्धारित मध्य विद्यालय, नयानगर, घुटूवा एवं अनुमंडल कार्यालय, रामगढ़ का निरीक्षण किया।
उन्होंने सुनवाई के लिए प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों से प्रक्रिया की जानकारी ली तथा मतदाताओं द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों का सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित संधारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही, प्रतिदिन प्राप्त दस्तावेजों की ऑनलाइन प्रविष्टि उसी दिन अनिवार्य रूप से पूरा करने को कहा।
आयुक्त ने अनुमंडल कार्यालय में ऑनलाइन प्रविष्टि की प्रगति की भी जानकारी ली। इस दौरान उपस्थित मतदाताओं से सुनवाई प्रक्रिया में किसी प्रकार की कठिनाई अथवा असुविधा के बारे में जानकारी प्राप्त की गई।
बरकाकाना मतदान केंद्र का भी किया निरीक्षण
इसके बाद आयुक्त ने 22-बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 447, राजकीय मध्य विद्यालय, बरकाकाना, कमरा संख्या-05 का निरीक्षण किया।
उन्होंने संबंधित बीएलओ से दावा एवं आपत्ति चरण में प्रपत्र-6 एवं प्रपत्र-8 की ऑनलाइन प्रविष्टि की प्रगति की जानकारी ली। बीएलओ ने बताया कि अब तक करीब 20 प्रपत्रों की ऑनलाइन प्रविष्टि की जा चुकी है।
इस पर आयुक्त ने बीएलओ एवं सुपरवाइजर को ऑनलाइन दर्ज किए गए सभी प्रपत्रों का सुव्यवस्थित अभिलेख-संधारण करने तथा संबंधित रिकॉर्ड को नियमित रूप से अद्यतन रखने का निर्देश दिया।
आयुक्त ने कहा कि SIR-2026 के तहत दावा एवं आपत्ति चरण को पारदर्शी, व्यवस्थित एवं प्रभावी तरीके से संचालित करना आवश्यक है, ताकि शुद्ध, त्रुटिरहित एवं समावेशी मतदाता सूची तैयार हो सके और कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।