रामगढ़ कैंट, झारखंड : श्री मारवाड़ी सेवा ट्रस्ट की ओर से दादी मंदिर के भव्य प्रांगण में चार दिवसीय 20वां भादो अमावस्या महोत्सव 8 सितंबर से 11 सितंबर तक धूमधाम से आयोजित किया जाएगा। महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। दादी जी के दरबार को कोलकाता के प्रसिद्ध मालियों द्वारा रंग-बिरंगे और सुगंधित विदेशी फूलों से आकर्षक रूप से सजाया जाएगा। वहीं मंदिर परिसर में मार्बल डेकोरेशन, रंग-रोगन तथा आकर्षक विद्युत सज्जा का कार्य भी कराया जा रहा है।
महोत्सव के पहले दिन मंगलवार, 8 सितंबर को दोपहर 1 बजे से मेहंदी उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर धनबाद के प्रसिद्ध भजन गायक आयुष शर्मा को आमंत्रित किया गया है। मारवाड़ी महिला मंगल समिति की सदस्याओं एवं दादी भक्तों द्वारा मधुर भजनों के बीच दादी जी के हाथों में मेहंदी लगाकर महोत्सव का शुभारंभ किया जाएगा।
दूसरे दिन बुधवार, 9 सितंबर को सुबह 10 बजे से भव्य मंगल पाठ का आयोजन होगा। मंगल पाठ के लिए पुणे, महाराष्ट्र की प्रसिद्ध मंगल पाठ वाचिका श्रीमती अर्पणा अग्रवाल को उनकी पूरी टीम के साथ आमंत्रित किया गया है।
महोत्सव के तीसरे दिन गुरुवार, 10 सितंबर को रात्रि 7:30 बजे से भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। भजन संकीर्तन में कोलकाता के प्रसिद्ध गायक पंकज जोशी अपनी प्रस्तुति देंगे।
वहीं चौथे एवं अंतिम दिन शुक्रवार, 11 सितंबर को भादो अमावस्या उत्सव मनाया जाएगा। इस दिन सुबह 6 बजे से दादी भक्तों द्वारा पाटा पूजा एवं सवामणी प्रसाद का भोग दादी जी को प्रेम एवं श्रद्धा के साथ अर्पित किया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालु दादी जी के भव्य एवं मनमोहक दरबार का दर्शन करेंगे।
महोत्सव को सफल बनाने के लिए श्री मारवाड़ी सेवा ट्रस्ट एवं श्री रानी सती महिला मंगल समिति के सभी सदस्यों के बीच विभिन्न जिम्मेदारियां बांट दी गई हैं। समिति के सदस्य आयोजन की तैयारियों में जुटे हुए हैं।
श्री मारवाड़ी सेवा ट्रस्ट ने रामगढ़ शहर एवं आसपास के क्षेत्रों के सभी दादी भक्तों से सपरिवार चार दिवसीय भादो अमावस्या महोत्सव में शामिल होकर दादी जी का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह एवं निमंत्रण दिया है।