डाक योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की पहल, सांडी में दुकानदारों के साथ हुई बैठक

Spread the love

रामगढ़ कैंट, झारखंड : डाक विभाग की कल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने और आगामी 24 सितंबर को आयोजित होने वाले डाक जीवन बीमा एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा महामेला को सफल बनाने के उद्देश्य से सोमवार को ग्रामीण क्षेत्र सांडी स्थित प्राचीन शिव मंदिर टूटी झरना परिसर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डाक विभाग के मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव रविशंकर राय ने प्रधान डाकघर के पोस्टमास्टर मो. जसीम खान के साथ मंदिर परिसर में पूजा सामग्री बेचने वाले दुकानदारों एवं श्रद्धालुओं से संवाद किया।

कार्यक्रम की शुरुआत शिव मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ हुई। रविशंकर राय ने पोस्टमास्टर मो. जसीम खान एवं बिहार के हाजीपुर, रेपुरा लालगंज निवासी प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य राजीव कुमार राजू के साथ भगवान शिव की पूजा की। इस दौरान रामगढ़वासियों एवं डाकघर परिवार के लोगों के सुख-समृद्धि की कामना की गई।

मंदिर परिसर में दुकानदारों एवं श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए पोस्टमास्टर मो. जसीम खान ने कहा कि छोटी-छोटी बचत के माध्यम से भविष्य के लिए अच्छी रकम तैयार की जा सकती है। उन्होंने लोगों से डाकघर की बचत योजनाओं का लाभ उठाने और डाकघर में खाता खुलवाने की अपील की।

ज्योतिषाचार्य राजीव कुमार राजू ने कहा कि डाकघर देश की सबसे पुरानी और विश्वसनीय संस्थाओं में से एक है। वर्तमान समय में डाकघर की सेवाएं डिजिटल रूप में भी उपलब्ध हैं और लोगों को अनेक सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने पूजा सामग्री बेचने वाले दुकानदारों से कहा कि यदि वे प्रतिदिन अपनी एक पूजा की डाली की कीमत के बराबर राशि डाकघर में बचत के रूप में जमा करें, तो लंबे समय में एक अच्छी एकमुश्त राशि तैयार हो सकती है। उन्होंने भी सभी लोगों से डाकघर में खाता खुलवाने की अपील की।

मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव रविशंकर राय ने लोगों को 24 सितंबर को आयोजित होने वाले डाक जीवन बीमा एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा महामेला की जानकारी दी। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से बीमा कराने की अपील करते हुए कहा कि डाक जीवन बीमा योजनाओं में कम प्रीमियम के माध्यम से बीमा सुरक्षा के साथ बोनस का लाभ प्राप्त किया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान दुकानदारों, महिलाओं एवं श्रद्धालुओं को डाक विभाग की विभिन्न बचत एवं बीमा योजनाओं की जानकारी दी गई। मौके पर पोस्टमास्टर मो. जसीम खान, मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव रविशंकर राय, ज्योतिषाचार्य राजीव कुमार राजू, दुकानदार संजय कुमार महतो, मीतेश मिश्रा सहित कई महिला दुकानदार एवं अन्य लोग उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने डाकघर की योजनाओं से जुड़ने और खाता खुलवाने की इच्छा जताई।