रामगढ़ कैंट, झारखंड : भारतीय जनता पार्टी, रामगढ़ जिला की ओर से होटल ला मैरिटल के सभागार में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा और सुशासन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी।
प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद ने बताया कि 7 अक्टूबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने से लेकर अब तक जनसेवा और सुशासन के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इसी उपलक्ष्य में भाजपा की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प—जन सेवा, प्रभु सेवा’ अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ते हुए सेवा, जनकल्याण और जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
दीप प्रज्ज्वलन और रक्तदान से होगी अभियान की शुरुआत
17 सितंबर को शाम 7 बजे प्रत्येक घर, विशेष रूप से केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों के घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा। इसी दिन रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जाएगा।
स्कूलों में चित्रकारी और भाषण प्रतियोगिता
‘मेरे सपनों का भारत—चित्र सेवा’ कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच सरकारी एवं निजी विद्यालयों में चित्रकारी और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को विकसित भारत की कल्पना और जनसेवा के विषय से जोड़ा जाएगा।
गांव-गांव पहुंचेगी ‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’
अभियान के तहत ‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’ नाम से करीब 30 मिनट की भावनात्मक नाट्य प्रस्तुति आयोजित की जाएगी। इसके माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा कार्यों और जनकल्याणकारी पहलों की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं का होगा सम्मान
25 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा दीदियों का सार्वजनिक रूप से अभिनंदन किया जाएगा।
वहीं ‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम के तहत केंद्र सरकार की योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलावों पर एक मिनट की रील तैयार कर सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की जाएगी।
7 अक्टूबर को निकलेगी ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’
7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ निकाली जाएगी। भाजपा नेताओं के अनुसार इस यात्रा के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाएगी।
इसके अलावा ‘वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा’ के तहत 10-10 टोलियां वडनगर और वाराणसी के बीच यात्रा करेंगी। यात्रा के दौरान पवित्र नदियों के जल से हाटकेश्वर महादेव और काशी विश्वनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा।
केंद्र की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए लगेंगे शिविर
‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत विधानसभा और प्रखंड स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों को केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनका सीधा लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
वहीं ‘सेवा के रंग’ कार्यक्रम के तहत प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर रंगोली बनाकर जनकल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत का संदेश दिया जाएगा।
युवाओं को जोड़ने के उद्देश्य से ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ भी आयोजित किया जाएगा। इसमें युवा नवाचारकर्ताओं को शामिल कर स्थानीय एवं क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान के लिए नए विचारों और तकनीकी समाधानों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
दीनदयाल जयंती और गांधी जयंती पर भी होंगे कार्यक्रम
प्रेस वार्ता में बताया गया कि 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर भाजपा के प्रत्येक जिला कार्यालय में पुस्तकालय का उद्घाटन किया जाएगा।
वहीं 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाने के साथ खादी के प्रचार-प्रसार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह, जिला महामंत्री राजू चतुर्वेदी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ.संजय प्रसाद सिंह, जिला मीडिया प्रभारी राजीव पामदत्त, सह प्रभारी भीमसेन चौहान, सोशल मीडिया सह प्रभारी सह भदानीनगर अध्यक्ष शौर्य प्रसाद कुशवाहा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।