ओबीसी जनगणना में अलग कॉलम जोड़ने की मांग, कांग्रेस 16 सितंबर को रांची में निकालेगी पैदल मार्च

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : आगामी जनगणना में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) की आबादी का स्पष्ट आंकड़ा दर्ज करने के लिए अलग कॉलम जोड़ने की मांग को लेकर कांग्रेस ने आंदोलन का ऐलान किया है। इसी मुद्दे को लेकर रामगढ़ शहर स्थित होटल ला मैरिटल में कांग्रेस ओबीसी विभाग की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इसमें ओबीसी जनगणना के साथ सामाजिक न्याय और आबादी के अनुपात में अधिकार एवं प्रतिनिधित्व से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष सह रामगढ़ विधायक ममता देवी ने कहा कि देश में ओबीसी वर्ग की आबादी बड़ी संख्या में है, लेकिन जनगणना में इस वर्ग की वास्तविक जनसंख्या का स्पष्ट आंकड़ा उपलब्ध नहीं है। ऐसे में आगामी जनगणना में ओबीसी के लिए अलग कॉलम शामिल किया जाना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि ओबीसी की वास्तविक आबादी का आंकड़ा सामने आने के बाद सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक अधिकारों के साथ-साथ सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के बेहतर निर्धारण में मदद मिलेगी। जनगणना में ओबीसी का अलग कॉलम जोड़ना सामाजिक न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

ममता देवी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ओबीसी समाज के अधिकार, सम्मान और उचित प्रतिनिधित्व की मांग को लेकर लगातार आवाज उठाती रहेगी।

16 सितंबर को रांची में पैदल मार्च

कांग्रेस ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष रणधीर गुप्ता ने बताया कि ओबीसी जनगणना की मांग को लेकर आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। इसी क्रम में 16 सितंबर को रांची में बापू वाटिका से लोक भवन तक पैदल मार्च निकाला जाएगा।

उन्होंने कहा कि पैदल मार्च के माध्यम से ओबीसी जनगणना की मांग को लेकर विरोध दर्ज कराया जाएगा और सरकार से आगामी जनगणना में ओबीसी वर्ग के लिए अलग कॉलम शामिल करने की मांग की जाएगी।

रणधीर गुप्ता ने कहा कि ओबीसी समाज की वास्तविक जनसंख्या का आंकड़ा सामने आने के बाद ही आबादी के अनुपात में अधिकार, प्रतिनिधित्व और सरकारी योजनाओं का उचित निर्धारण अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में ये रहे मौजूद

प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस जिलाध्यक्ष सह विधायक ममता देवी, कांग्रेस ओबीसी विभाग के प्रदेश कांग्रेस नेता राजकुमार यादव, प्रदेश कांग्रेस समन्वयक अमर यादव, ओबीसी विभाग जिलाध्यक्ष रणधीर गुप्ता, प्रवक्ता मुकेश यादव, कांग्रेस जिला प्रवक्ता सह मीडिया चेयरमैन सुधीर मंगलेश, संतोष सोनी सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।