बरकाकाना (रामगढ़), झारखंड : पतरातू प्रखंड के तेलियातु गांव के प्रतिभाशाली युवक नागेंद्र महतो (26 वर्ष) ने जेएसएससी–सीजीएल परीक्षा में सफलता प्राप्त करते हुए सहायक प्रशाखा पदाधिकारी (एएसओ) के पद पर चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। परिणाम जारी होते ही पूरे गांव में उत्साह का माहौल बन गया और नागेंद्र के घर बधाई देने वालों की भीड़ लग गई। परिवार ने मिठाई बांटकर और केक काटकर इस उपलब्धि का जश्न मनाया।
नागेंद्र की गिनती बचपन से ही मेधावी और अनुशासित छात्रों में होती रही है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और सतत मेहनत से यह उपलब्धि हासिल की। वे पहले रेलवे के ग्रुप-डी पद पर कार्य कर चुके हैं और बाद में अपनी योग्यता के दम पर ट्रेन मैनेजर के पद पर भी चयनित हुए। नौकरी के दौरान भी उन्होंने उच्च पद प्राप्त करने के लक्ष्य को जारी रखा और अंततः एएसओ बनकर अपनी प्रतिभा साबित की।
उनके पिता अगमलाल महतो किसान हैं और माता सावित्री देवी गृहणी हैं। परिजनों ने कहा कि नागेंद्र हमेशा पढ़ाई को प्राथमिकता देते आए हैं और अपने लक्ष्य के प्रति पूरी तरह स्पष्ट रहे हैं।
नागेंद्र की प्रारंभिक शिक्षा नारायण उच्च विद्यालय, बरकाकाना में हुई। इसके बाद उन्होंने रामगोविन्द पॉलिटेक्निक इंजीनियरिंग कॉलेज, कोडरमा से डिप्लोमा और इग्नू से स्नातक पूरा किया।
नागेंद्र के एएसओ बनने पर गांव के लोगों में उत्सव जैसा माहौल देखा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि नागेंद्र की सफलता से क्षेत्र के युवाओं में नई प्रेरणा जागी है।
उन्हें बधाई देने वालों में हेमंत कुमार महतो, दीपलाल, सूरज, दिलीप, नीरज, सानू, बाबूलाल, रुकेश, धर्मवीर, वीरेंद्र, ललित, नेहरूलाल, जीवन, अमित, भगवानदास सहित कई ग्रामीण शामिल हैं।