डीएमएफटी के तहत संचालित विकास कार्यों की उपायुक्त ने की समीक्षा 

Spread the love

रामगढ़, झारखंड  :  उपायुक्त, रामगढ़ श्री फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) के माध्यम से रामगढ़ जिले में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने डीएमएफटी के अंतर्गत विभिन्न कार्यकारी एजेंसियों द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने सभी कार्यकारी एजेंसियों को निर्देशित किया कि स्वीकृत योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण करना सुनिश्चित करें।

डीएमएफटी के माध्यम से संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने अब तक हुए कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की तथा वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में स्वीकृत सभी योजनाओं को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने बैठक में उपस्थित सभी सहायक अभियंताओं को योजनाओं का नियमित स्थल निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की निगरानी करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि डीएमएफटी के तहत संचालित योजनाओं का उद्देश्य खनन प्रभावित क्षेत्रों में आधारभूत संरचना का सुदृढ़ीकरण एवं आमजन के जीवन स्तर में सुधार करना है, अतः सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं को समय पर पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। बैठक के दौरान वन प्रमंडल पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, प्रभारी पदाधिकारी विकास शाखा, जिला स्तरीय अधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों सहित अन्य उपस्थित थे।