घाटो (रामगढ़), झारखंड : घाटो पुलिस ओपी क्षेत्र के आरा–सारूबेड़ा इलाके में मंगलवार को जंगली हाथी के हमले से हालात भयावह हो गए। अलग-अलग घटनाओं में दो महिलाओं सहित चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में सीसीएल परियोजना में कार्यरत एक सुरक्षाकर्मी भी शामिल है।
जानकारी के अनुसार, पहली घटना दोपहर करीब 2:15 बजे की है। इचाकडीह निवासी अमित कुमार रजवार, जो सारूबेड़ा स्थित सीसीएल परियोजना में सुरक्षा कर्मी था, हाथी के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
दूसरी घटना रात लगभग 10:30 बजे घटी, जब बाइक से रामगढ़ से घाटो की ओर जा रहे डाड़ी प्रखंड निवासी अमूल महतो पर हाथी ने हमला कर दिया, जिससे उसकी भी मौत हो गई।
महिला मृतकों में वेस्ट बोकारो निवासी पार्वती देवी और आरा कोलियरी निवासी सावित्री देवी शामिल हैं। वन विभाग का मानना है कि एक ही हाथी द्वारा इन सभी घटनाओं को अंजाम दिया गया है। घाटो पुलिस ओपी क्षेत्र में हाथी द्वारा चार लोगों को मारे जाने से लोगों में आक्रोष व्याप्त हो गया है। लोगों ने मुआवजे व हाथियों के प्रकोप से राहत की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया है।
अनगड़ा (रांची) की घटना
उधर, अंगड़ा थाना क्षेत्र के जिदू गांव में झुंड से बिछड़े एक हाथी ने मंगलवार तड़के एक मजदूर को पटककर मार डाला। इस दौरान एक नाबालिग और एक बुजुर्ग व्यक्ति भी घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।