झारखंड पेंशनर कल्याण समाज ने मनाया पेंशनर दिवस, वरिष्ठ पेंशनरों का हुआ सम्मान

Spread the love

रामगढ़, झारखंड :  झारखंड पेंशनर कल्याण समाज, रामगढ़ (झारखंड) के जिला कार्यालय, अनुमंडल परिसर में जिला अध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह की अध्यक्षता में पेंशनर दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सेवा निवृत रक्षा विभाग के अधिकारी स्वर्गीय डी.एस. नकारा के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई, जिसमें जिला अध्यक्ष सहित उपस्थित पेंशनरों ने श्रद्धांजलि दी।

उपस्थित पेंशनरों को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह ने कहा कि स्वर्गीय डी.एस. नकारा ने वर्ष 1972 में सेवा निवृत्ति के बाद पेंशन प्रणाली में व्याप्त विसंगतियों के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी। नकारा बनाम भारत सरकार मामले में सुप्रीम कोर्ट ने ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए सेवा निवृत्ति की तिथि के आधार पर पेंशन में भेदभाव को अनुचित बताया और स्पष्ट कहा कि “पेंशन कोई सुविधा नहीं, बल्कि अधिकार है।”

उन्होंने आगे कहा कि पेंशनर दिवस पेंशन अधिकारों की सुरक्षा, उपलब्धियों और भारत में पेंशन प्रणाली के समक्ष मौजूद समस्याओं पर ध्यान केंद्रित करने का अवसर है। यह दिवस केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि समाज में वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और जिम्मेदारी की भावना को जागृत करने का माध्यम है। पेंशनरों का अनुभव और ज्ञान समाज के लिए अमूल्य संसाधन है, जिसे उचित मान्यता मिलनी चाहिए।

सभा में उपस्थित पेंशनरों ने कोरोना काल के दौरान रोके गए 18 माह के महंगाई भत्ते (डीए) के भुगतान नहीं होने और कॉम्युटेशन से जुड़ी समस्याओं पर चिंता व्यक्त की।

पेंशनर दिवस के अवसर पर जिले के 85 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनरों — दुःख हरण पोद्दार (गोला), छुन्नू साहू (लारी), मन नारायण सिंह एवं मुटुकधारी महतो (दुलमी) — को जिला अध्यक्ष, सचिव एवं उपाध्यक्ष द्वारा शाल ओढ़ाकर तथा कलम भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला अध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह, सचिव छोटू लाल मोदी, उपाध्यक्ष वृंदावन सिंह, संरक्षक बलराम सिंह, पन्ना लाल राम, दिलीप साहा, रामगढ़ प्रखंड अध्यक्ष देवशरण महतो, शुशीला कुमारी, राम स्वरूप खन्ना, रामनंदन सिंह, शोभा राम महतो, बसंत कुमार, सत्येंद्र प्रसाद, रेशम नाथ महतो सहित अनेक पेंशनर उपस्थित रहे।
नए सदस्य रेशम नाथ महतो का अध्यक्ष एवं पन्ना लाल राम द्वारा माला पहनाकर स्वागत किया गया। सभा के अंत में दिलीप साहा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।