टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस में आग की बड़ी घटना : दो कोच जलकर खाक, AC बोगी में 70 वर्षीय यात्री की मौत

Spread the love

विशाखापट्टनम / नई दिल्ली : आंध्र प्रदेश के यालामंचिली के पास टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस में देर रात बड़ा हादसा हो गया। ट्रेन के दो कोचों में अचानक आग लगने से एक 70 वर्षीय यात्री की मौत हो गई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार घटना की जानकारी रात करीब 12:45 बजे मिली। इसके बाद तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए गए।

प्रभावित दो कोचों में क्रमशः 82 और 76 यात्री सवार थे। अधिकारियों ने बताया कि बी-1 एसी कोच में एक यात्री मृत मिला, जिसकी पहचान चंद्रशेखर सुंदरम के रूप में हुई है। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कोचों को ट्रेन से अलग कर दिया गया और बाकी ट्रेन को एर्नाकुलम के लिए रवाना किया गया। प्रभावित यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, लोको पायलट्स ने येलमनचिली के पास आग की लपटें देखीं और ट्रेन को तुरंत रोक दिया गया। लेकिन तब तक आग दो एसी कोच तक फैल चुकी थी। घने कोहरे के कारण स्थिति और भयावह हो गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। धुआं भर जाने से कई यात्री प्लेटफॉर्म पर उतरकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।

प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बी-1 एसी कोच के ब्रेक के अत्यधिक गर्म होने से आग भड़की। अनकपल्ली, एलमान्चिली और नक्कापल्ली अग्निशमन टीमों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन दोनों कोच पूरी तरह जल चुके थे। कई यात्रियों का सामान भी राख हो गया।

फोरेंसिक टीम घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है। रेल प्रशासन ने हादसे पर दुख जताते हुए सुरक्षा मानकों की समीक्षा की बात कही है।