बाजार टांड के पास सड़क दुर्घटना में छात्रा नेहा कुमारी की मौत, परिजनों ने किया सड़क जाम

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : रामगढ़ बाजार टांड क्षेत्र में शनिवार की सुबह हुई सड़क दुर्घटना में एक छात्रा की मौत हो गई। मृतक छात्रा की पहचान नेहा कुमारी, पिता संजय ठाकुर के रूप में हुई है। वह रामगढ़ कोठार (झारखंड) की रहने वाली थी और रामगढ़ कॉलेज में स्नातक की छात्रा थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नेहा कुमारी शनिवार को परीक्षा देने के लिए जेएम कॉलेज, भुरकुंडा जा रही थी। इसी दौरान दुरामगढ़–बोकारो मार्ग पर चट्टी स्थित बैंक ऑफ इंडिया के पास उसका ऑटो (टेंपो) असंतुलित होकर पलट गया। दुर्घटना में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल छात्रा को तत्काल रामगढ़ सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। छात्रा की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने दुर्घटनास्थल पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया। परिजनों की मांग थी कि ऑटो चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। लोगों का यह भी आरोप था कि टैंपो चालक बुरी तरह से पिये हुये था । सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया।

इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा और वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण की मांग की है।