रामगढ़ (रामगढ़), झारखंड : झारखंड के रामगढ़ जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को बड़ी सफलता मिली है। बरकाकाना रेलवे स्टेशन पर रविवार रात चेकिंग अभियान के दौरान शक्तिपुंज एक्सप्रेस के एक सामान्य कोच से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया है। इस दौरान एक तस्कर को मौके से गिरफ्तार किया गया।
रात करीब 9:57 बजे जैसे ही शक्तिपुंज एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर चार पर पहुंची, आरपीएफ की टीम ने रामगढ़ इंड क्षेत्र के पास जनरल कोच में एक संदिग्ध व्यक्ति को पुराने कपड़ों की गठरी चढ़ाते हुए देखा। गठरी से आ रही तेज गंध के कारण टीम को शक हुआ। जब जवान उस ओर बढ़े तो संदिग्ध यात्री भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया।
79 पैकेटों में छिपा था गांजा
तलाशी के दौरान गठरी से 79 पैकेटों में रखा 79 किलो 700 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम जिलोन बताया। वह मध्य प्रदेश के कटनी जिले के बरही थाना क्षेत्र अंतर्गत खेरेनी गांव का निवासी है।
लगभग 40 लाख रुपये की कीमत
आरपीएफ के अनुसार बरामद गांजे की बाजार कीमत करीब 39 लाख 85 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर आरपीएफ पोस्ट लाया गया और मामले की सूचना रेलवे के वरीय अधिकारियों को दी गई।
जीआरपी को सौंपा गया आरोपी
आरपीएफ ने आरोपी के खिलाफ जीआरपी थाना में मामला दर्ज कर उसे आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी को सौंप दिया है।
इनकी रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में आरपीएफ बरकाकाना पोस्ट के उप निरीक्षक केपी मीना, आरक्षी कपिल देव यादव, स्टेशन गार्डिंग स्टाफ के आरक्षी महेश यादव सहित अन्य जवान शामिल रहे।