जिला अनाबद्ध निधि से हो रहे विकास कार्यों की उपायुक्त ने की समीक्षा बैठक

Spread the love

रामगढ़, झारखंड :  शुक्रवार को उपायुक्त रामगढ़ श्री फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में रामगढ़ जिले में जिला अनाबद्ध निधि के माध्यम से हो रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनाबद्ध निधि से संचालित योजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता और समयबद्धता को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिला अनाबद्ध निधि की पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों के आलोक में किए गए कार्यों की जानकारी जिला योजना पदाधिकारी श्री संतोष भगत से प्राप्त की। इसके पश्चात विभिन्न कार्यकारी एजेंसियों द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी एजेंसियों को गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने वित्तीय वर्ष 2023-24, 2024-25 एवं 2025-26 में जिला अनाबद्ध निधि के तहत स्वीकृत योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और लंबित कार्यों को जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान उपस्थित सभी सहायक अभियंताओं को योजनाओं का समय-समय पर स्थल निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूर्ण करने के उपरांत ही योजनाओं में निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाए।

बैठक में उप विकास आयुक्त, कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।