रामगढ़, झारखंड : भारत सरकार के “प्रतिबिम्ब ऐप” के माध्यम से मिली सूचना पर रामगढ़ पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साइबर ठग को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में रामगढ़ (झारखंड) के पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने बताया कि दिनांक 08 जनवरी 2026 को “प्रतिबिम्ब ऐप” के जरिए गूगल मैप पर एक संदिग्ध मोबाइल नंबर (918789882057) के साइबर अपराध से जुड़े होने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर साइबर थाना रामगढ़ और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रामगढ़ के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
छापामारी के दौरान साइबर ठगी में संलिप्त अभियुक्त सन्टु कुमार उर्फ सिन्टु उर्फ कुन्दन (उम्र 27 वर्ष), पिता राजेन्द्र प्रसाद, निवासी ग्राम मोआ, थाना परवलपुर, जिला नालंदा (बिहार) को गिरफ्तार किया गया। वर्तमान में वह रजरप्पा रोड, हेरमदगा में किराए के मकान में रह रहा था।
बरामदगी
छापामारी के दौरान पुलिस ने अभियुक्त के पास से—
तीन (03) आई-फोन सहित कुल छह (06) मोबाइल फोन, जिनमें फर्जी सिम कार्ड लगे पाए गए
4,43,000 रुपये नकद (चार लाख तैंतालीस हजार रुपये)
एक काले रंग की रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल, रजिस्ट्रेशन संख्या BR21F-8055
बरामद किया है।
आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ पूर्व में भी साइबर अपराध से जुड़े मामले दर्ज हैं—
पटना हवाईअड्डा थाना कांड संख्या 73/25 (दिनांक 13.04.2025)
देवघर साइबर अपराध थाना कांड संख्या 169/25 (दिनांक 16.12.2025)
मामले में दर्ज धाराएं
इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ आईटी एक्ट की धारा 66 (C) एवं 66 (D) के तहत साइबर थाना रामगढ़ में प्राथमिकी दर्ज की गई है। अन्य फरार साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी है।
पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने आम जनता से अपील की कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या ऑनलाइन लेन-देन की सूचना तुरंत पुलिस या “प्रतिबिम्ब ऐप” के माध्यम से साझा करें।