रामगढ़ : दयाल स्टील फैक्ट्री लूटकांड का खुलासा, 7 अपराधी गिरफ्तार, हथियार व लाखों की बरामदगी

Spread the love
बरामद तांबा पीतल के लूटे गये सामान

रामगढ, झारखंड :  रामगढ़  में दयाल स्टील फैक्ट्री लूटकांड का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में कुल सात अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय, रामगढ़ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी अजय कुमार (भा.पु.से.) ने पूरे मामले की जानकारी दी।

जब्त पिकअप वाहन जिस पर लाद कर तांबा पीतल ले जाया गया था

एसपी अजय कुमार ने बताया कि दिनांक 12 जनवरी 2026 की मध्य रात्रि करीब 1:30 बजे रामगढ़ थाना क्षेत्र के चाहा स्थित दयाल स्टील फैक्ट्री में 10–12 अज्ञात अपराधियों ने चाहरदीवारी तोड़कर प्रवेश किया था। अपराधियों ने पिस्टल का भय दिखाकर फैक्ट्री में तैनात सुरक्षा प्रहरी एवं कर्मचारियों को बंधक बना लिया और करीब 2000 से 2200 किलोग्राम कॉपर वायर सहित अन्य कीमती सामान चार पहिया वाहन में लोड कर फरार हो गए थे। इस संबंध में रामगढ़ थाना कांड संख्या 11/2026 दर्ज किया गया था।

SIT के गठन के बाद तेजी से कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रामगढ़ के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रामगढ़ परमेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचनाओं के आधार पर जांच शुरू की।

लूट की दोबारा साजिश के दौरान गिरफ्तारी

22 जनवरी 2026 को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि लूटकांड में शामिल अपराधी एनएच-23 के बारलौंग–छतरमांडु क्षेत्र से होकर कुज्जू की ओर किसी अन्य वारदात को अंजाम देने जा रहे हैं। इसके बाद SIT ने छतरमांडु के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया।

चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की बोलेरो को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन मोड़कर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर वाहन को रोका और उसमें सवार छह अपराधियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ और निशानदेही पर हजारीबाग जिले के ईचाक थाना क्षेत्र से सातवें आरोपी को भी गिरफ्तार कर लूट का सामान बरामद किया गया।

गिरफ्तार अपराधियों के नाम

  1. मुकेश कसेरा – करियातपुर, ईचाक, हजारीबाग

  2. अख्तर अली – साड़म, गोमिया, बोकारो

  3. सन्नी कुमार – स्वांग पुराना माइंस क्वार्टर, गोमिया, बोकारो

  4. रणधीर कुमार – विष्णुगढ़ कसेरा मोहल्ला, हजारीबाग

  5. नागेश्वर बेलदार उर्फ हनी – स्वांग महावीर स्थान, गोमिया, बोकारो

  6. पंकज कुमार – तेनुघाट, पेटरवार, बोकारो

  7. गौरी कुमार – स्टेशन रोड, गोमिया, बोकारो

बरामद सामग्री

देशी कट्टा – 01

जिंदा गोली (8 एमएम) – 02

नगद राशि – 1,03,000 रुपये

टाटा मैजिक वाहन (JH-09U-8102)

बिना नंबर की बोलेरो पिकअप

एंड्रॉयड मोबाइल – 05

कीपैड मोबाइल – 01

चोरी का कॉपर वायर व अन्य सामान (लगभग 250 किग्रा, मूल्य करीब 3 लाख रुपये)

आपराधिक इतिहास भी सामने आया

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार कई अपराधियों का पूर्व में भी चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामलों में आपराधिक रिकॉर्ड रहा है, जिसकी विस्तृत जांच की जा रही है।

छापामारी दल में शामिल अधिकारी

इस सफल कार्रवाई में एसडीपीओ रामगढ़ परमेश्वर प्रसाद, थाना प्रभारी नीवन प्रकाश पांडेय सहित रामगढ़ थाना, रजरप्पा थाना, तकनीकी शाखा और रिजर्व गार्ड के कई पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल थे।

पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने कहा कि रामगढ़ (झारखंड) जिले में अपराध के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और संगठित अपराधियों के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जाएगा।