रामगढ़ (झारखंड) : भारतीय गणतंत्र के 76वें पावन पर्व पर श्री कृष्ण विद्या मंदिर, रामगढ़ (झारखंड) में राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत द्विचरणीय महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन न केवल विद्यालय बल्कि पूरे रामगढ़ जिले के लिए गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक सिद्ध हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल (अधिवक्ता) एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों के पुष्पाभिवादन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि द्वारा परेड निरीक्षण एवं विधिवत ध्वजारोहण के साथ राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। झंडा गीत और अनुशासित मार्च-पास्ट ने राष्ट्र के प्रति समर्पण, एकता और अनुशासन का सशक्त संदेश दिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में नर्सरी से यूकेजी के बच्चों के समूह नृत्य से लेकर विभिन्न कक्षाओं द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति, लोकनृत्य एवं क्षेत्रीय नृत्यों ने भारत की सांस्कृतिक विविधता और राष्ट्रीय एकता को जीवंत कर दिया। कक्षा आठवीं द्वारा प्रस्तुत पहलगाम आतंकी हमले पर आधारित मूक अभिनय ने दर्शकों को भावुक कर दिया और राष्ट्र के प्रति दृढ़ संकल्प को अभिव्यक्त किया।
इस अवसर पर अध्यक्ष आनंद अग्रवाल ने अपने संबोधन में विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, सुरक्षित वातावरण, नैतिक मूल्यों और योग्य शिक्षकों की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने चिंतपूर्णी स्टील प्राइवेट लिमिटेड द्वारा विगत चार वर्षों से दी जा रही छात्रवृत्ति एवं श्रीनिवास चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को मिल रहे सहयोग की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान विज्ञान प्रदर्शनी के प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया तथा चिंतपूर्णी स्टील प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक सह विद्यालय उपाध्यक्ष बजरंग लाल अग्रवाल द्वारा कक्षा 12वीं के मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति की अंतिम किस्त प्रदान की गई।
दोपहर 2:30 बजे से कार्यक्रम के द्वितीय चरण में 51 हजार रुपये की कुल पुरस्कार राशि वाली जिला स्तरीय राष्ट्रभक्ति नृत्य प्रतियोगिता का शुभारंभ श्री रामगढ़ गौशाला के अध्यक्ष बजरंग लाल अग्रवाल द्वारा किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों से लगभग ढाई सौ से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। देशभक्ति, बलिदान, सैनिकों के शौर्य एवं सामाजिक संदेशों से परिपूर्ण प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
प्रतियोगिता की निर्णायक मंडली में रणवित कौर एवं रोहित कुमार शामिल रहे। पुरस्कार वितरण समारोह में प्रसिद्ध बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. ए.के. बरेलिया मुख्य अतिथि एवं वरिष्ठ अधिवक्ता बंशीधर गोप विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। ग्रुप-ए में फायर एंजल ग्रुप प्रथम, क्रेजी डांस एकेडमी द्वितीय एवं नारायणी ग्रुप तृतीय, ग्रुप-बी में इनायत एंड टीम प्रथम, कृष्णा ग्रुप द्वितीय एवं नारायणी ग्रुप तृतीय, ग्रुप-सी में क्रेजी डांस एकेडमी प्रथम, रिद्धी एंड ग्रुप द्वितीय एवं नारायणी ग्रुप तृतीय रहे। विजेताओं को क्रमशः 11,000, 5,100 एवं 1,100 रुपये नगद पुरस्कार प्रदान किए गए।
इस आयोजन ने यह सिद्ध कर दिया कि श्री कृष्ण विद्या मंदिर, रामगढ़ (झारखंड) केवल शिक्षा का केंद्र नहीं बल्कि प्रतिभा, संस्कृति और राष्ट्रभक्ति को सशक्त मंच प्रदान करने वाला एक जीवंत संस्थान है।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति, श्री रामगढ़ गौशाला समिति, श्री कृष्ण विकास संस्थान के पदाधिकारी, एसआरसी के कर्नल एच.एस. सिंधुवालिया व उनकी पत्नी हरलीन कौर, रामगढ़ जिले के गणमान्य अतिथि, अधिवक्तागण, विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य एवं सैकड़ों अभिभावक उपस्थित थे।