रामगढ, झारखंड : रामगढ़ कैंट झारखंड में साइबर ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा हुआ है। महाराष्ट्र से आई पुलिस टीम ने रामगढ़ थाना पुलिस के सहयोग से बुधवार 28 जनवरी 2026 को रामगढ़ शहर के वार्ड नंबर आठ स्थित पंजाबी मुहल्ला से एक युवक को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार युवक की पहचान पंजाबी मुहल्ला निवासी आशीष सिंह, पिता नवीन सिंह के रूप में हुई है। मामले में कार्रवाई करने पहुंचे वागले स्टेट पुलिस ठाणे सिटी के सब इंस्पेक्टर महेश चौहान ने बताया कि उनके क्षेत्र में 89 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला दर्ज है। जांच के दौरान यह सामने आया कि ठगी की राशि में से कुछ रकम इस युवक के बैंक खाते में ट्रांसफर की गई थी।
पुलिस के अनुसार, युवक के खाते में आई रकम में से करीब 15 लाख रुपये बैंक के माध्यम से होल्ड करा दिए गए हैं, जबकि शेष राशि को इधर-उधर ट्रांसफर कर दिया गया था। इस पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और यदि अन्य लोगों की संलिप्तता पाई जाती है तो उनकी भी गिरफ्तारी की जाएगी।
पंजाबी मुहल्ला से गिरफ्तारी के बाद महाराष्ट्र पुलिस द्वारा रामगढ़ थाने में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। उल्लेखनीय है कि रामगढ़ शहर और पूरे जिले में साइबर ठगों तथा सट्टा कारोबार से जुड़े गिरोहों की सक्रियता पहले भी सामने आती रही है। कई मामलों में रामगढ़ के साइबर अपराधियों के नाम उजागर हो चुके हैं।