नगरपालिका आम निर्वाचन, 2026 को लेकर आम जनता से की गई अपील

Spread the love

रामगढ़, झरखंड : नगरपालिका आम निर्वाचन, 2026 के मद्देनज़र जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त, रामगढ़ श्री फैज अक अहमद मुमताज द्वारा आम जनता से निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी निर्वाचन सुनिश्चित करने हेतु अपील की गई है।

अपील में स्पष्ट किया गया है कि मतदाताओं को प्रभावित करने के उद्देश्य से नकदी, शराब अथवा किसी भी प्रकार की वस्तु का वितरण रिश्वत की श्रेणी में आता है, जो कि एक दंडनीय अपराध है। निर्वाचन के दौरान इस प्रकार की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

जिला प्रशासन द्वारा यह भी अपील की गई है कि यदि किसी व्यक्ति के पास निर्वाचन अवधि के दौरान बड़ी मात्रा में नकदी पाई जाती है, तो उसे नकदी के स्रोत एवं अंतिम उपयोग से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। इसके अंतर्गत निम्नलिखित दस्तावेज मांगे जा सकते हैं—

1. पैन कार्ड एवं उसकी प्रति (यदि उपलब्ध हो)

2. व्यापार निबंधन प्रमाण पत्र की प्रति (यदि लागू हो)

3. बैंक पासबुक/बैंक स्टेटमेंट, जिससे नकदी निकासी का विवरण स्पष्ट हो

4. नियमित नकदी लेन-देन करने वाले व्यवसाय की स्थिति में कैश बुक की प्रति

5. विवाह, अस्पताल में दाखिला अथवा अन्य आवश्यक कार्यों में नकदी के अंतिम उपयोग से संबंधित प्रमाण

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि में शामिल न हों और यदि कहीं नकदी, शराब या अन्य प्रलोभन सामग्री के वितरण की जानकारी मिले तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें, ताकि निष्पक्ष निर्वाचन सुनिश्चित किया जा सके।