दूरदर्शन की वरिष्ठ समाचार वाचिका सरला माहेश्वरी का निधन, 71 वर्ष की उम्र में हुआ देहांत

Spread the love

नई दिल्ली : दूरदर्शन की जानी-मानी और वरिष्ठ समाचार वाचिका सरला माहेश्वरी का गुरुवार को निधन हो गया। वह 71 वर्ष की थीं। उनके निधन से टीवी पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

परिजनों के अनुसार सरला माहेश्वरी का अंतिम संस्कार 12 फरवरी 2026 की शाम दिल्ली स्थित निगम बोध घाट पर किया जाएगा।

सरला माहेश्वरी अपनी सधी हुई आवाज, स्पष्ट उच्चारण और गरिमामय प्रस्तुति के लिए जानी जाती थीं। 1980 और 1990 के दशक में वह दूरदर्शन का प्रमुख और भरोसेमंद चेहरा रहीं। समाचार प्रस्तुति के उनके अंदाज ने दर्शकों के बीच उन्हें विशेष पहचान दिलाई थी।

मीडिया जगत से जुड़े लोगों का कहना है कि सरला माहेश्वरी ने टीवी समाचारों को गंभीरता और विश्वसनीयता की एक नई पहचान दी थी, जिसकी छाप आज भी दर्शकों के मन में बनी हुई है।

करियर की शुरुआत अनाउंसर के रूप में

सरला माहेश्वरी ने अपने प्रसारण करियर की शुरुआत दूरदर्शन में अनाउंसर के रूप में की थी। बाद में वह समाचार वाचन से जुड़ीं और लंबे समय तक देश की चर्चित न्यूज रीडर के रूप में पहचानी जाती रहीं। वह वर्ष 2005 तक दूरदर्शन में सेवाएं देती रहीं।

शैक्षणिक रूप से भी वह अत्यंत योग्य थीं और उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से पीएचडी की उपाधि प्राप्त की थी।

दूरदर्शन और विभिन्न संगठनों ने दी श्रद्धांजलि

दूरदर्शन ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया मंच पर शोक संदेश जारी करते हुए कहा कि सरला माहेश्वरी दूरदर्शन की सम्मानित और प्रतिष्ठित समाचार वाचिका थीं, जिनकी सौम्य आवाज, सटीक भाषा और गरिमापूर्ण प्रस्तुति ने भारतीय समाचार जगत में उन्हें विशेष स्थान दिलाया।

ऑल इंडिया महिला कांग्रेस सहित कई सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने भी उनके निधन को टीवी पत्रकारिता के एक महत्वपूर्ण युग का अंत बताया है।

सरला माहेश्वरी के निधन की खबर के बाद सोशल मीडिया पर भी बड़ी संख्या में लोग उन्हें याद कर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।