रामगढ़ (झारखंड) के चुटूपालू घाटी में दर्दनाक हादसा, ब्रेक फेल कंटेनर ने ट्रेलर को मारी टक्कर, कंटेनर चालक की जलकर मौत

Spread the love

रामगढ़ (रामगढ़), झारखंड : जिले के चर्चित  मार्ग चुटूपालू  घाटी में शुक्रवार को एक बार फिर भीषण सड़क दुर्घटना हुई। इस हादसे में कंटेनर चालक की केबिन में फंसकर जिंदा जलने से मौत हो गई।

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार कंटेनर रांची  से रामगढ की ओर जा रहा था। घाटी के ढलान पर पहुंचते ही वाहन का ब्रेक अचानक जवाब दे गया। तेज ढलान होने के कारण कंटेनर बेकाबू हो गया और आगे चल रहे एक ट्रेलर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कंटेनर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के तुरंत बाद केबिन में आग भड़क उठी। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या टक्कर से पैदा हुई चिंगारी के कारण आग लगी। चालक स्टीयरिंग और केबिन के टूटे हिस्सों के बीच बुरी तरह फंस गया और बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। आग की चपेट में आने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। राहगीरों ने आग बुझाने और चालक को बचाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी विकराल थी कि केबिन के पास जाना संभव नहीं हो सका।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि तब तक चालक की मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी है।

इस दुर्घटना के कारण रांची–पटना मुख्य मार्ग (एनएच-33) पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। घाटी क्षेत्र में दोनों ओर लगभग तीन किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कंटेनर और ट्रेलर को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है ताकि यातायात को सामान्य किया जा सके।