रामगढ़, झारखंड : नगरपालिका आम चुनाव, 2026 को लेकर रामगढ़ जिले में शनिवार शाम पांच बजे से चुनाव प्रचार-प्रसार पर पूर्ण रूप से रोक लग गयी । इसके बाद किसी भी प्रकार की चुनावी सभा या जुलूस आयोजित नहीं किए जा सकेंगे।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त फैज़ अक अहमद मुमताज़ ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रचार-निषेध अवधि के दौरान पेड समाचार, अनधिकृत प्रचार तथा आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अवधि में समाचार पत्रों, निजी एफएम चैनलों, दूरदर्शन चैनलों, रेडियो एवं केबल नेटवर्क पर प्रसारित होने वाले राजनीतिक अथवा निर्वाचन संबंधी विज्ञापन केवल मीडिया प्रमाणीकरण एवं निगरानी समिति की पूर्व अनुमति के बाद ही प्रसारित किए जा सकेंगे।
प्रस्तावित विज्ञापन के आवेदन में विज्ञापन की प्रस्तुति लागत, प्रसारण की संख्या, प्रत्येक प्रसारण की दर तथा अनुमानित व्यय का विस्तृत विवरण देना अनिवार्य होगा।
मतदान और मतगणना की तिथि
रामगढ़, झारखंड जिले में नगरपालिका आम चुनाव के लिए मतदान
23 फरवरी 2026 को प्रातः 7 बजे से अपराह्न 5 बजे तक कराया जाएगा।
वहीं, मतगणना की तिथि 27 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है।
मतदाताओं की संख्या
कुल पुरुष मतदाता – 49,238
कुल महिला मतदाता – 48,460
कुल मतदाता – 97,698
मतदान केंद्रों की स्थिति
मतदान केंद्र – 90
सहायक मतदान केंद्र – 08
कुल मतदान केंद्र – 98
कुल मतदान केंद्र भवन – 60
प्रखंडवार मतदान केंद्र एवं मतदाता
मांडू – 30 मतदान केंद्र, 21 भवन, कुल मतदाता – 30,923
रामगढ़ – 41 मतदान केंद्र, 25 भवन, कुल मतदाता – 39,360
दुलमी – 03 मतदान केंद्र, 02 भवन, कुल मतदाता – 3,049
पतरातू – 24 मतदान केंद्र, 12 भवन, कुल मतदाता – 24,366
कुल मिलाकर रामगढ़, झारखंड जिले के 32 वार्डों में 90 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें 8 सहायक मतदान केंद्र शामिल हैं। इस प्रकार कुल 98 केंद्रों पर मतदान कराया जाएगा।
मतदाता पहचान के लिए मान्य दस्तावेज
यदि किसी मतदाता के पास मतदाता पहचान पत्र उपलब्ध नहीं है, तो वह आयोग द्वारा मान्य वैकल्पिक दस्तावेजों में से किसी एक के माध्यम से पहचान कर सकता है। इनमें प्रमुख रूप से आधार कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, बैंक या डाकघर की पासबुक, राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, स्वास्थ्य बीमा कार्ड तथा पेंशन से संबंधित दस्तावेज शामिल हैं।
अंत में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने रामगढ़, झारखंड जिले के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लें और निर्भीक, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में अपने मताधिकार का प्रयोग करें।