झारखंड के रामगढ़ के कराटेकार चंदन साहनी बने राष्ट्रीय कराटे जज

Spread the love

रामगढ़, झारखंड  : झारखंड के रामगढ़ जिले के कराटे प्रशिक्षक चंदन साहनी को देश की मान्यता प्राप्त संस्था कराटे  इंडिया आर्गेनाईजेशन द्वारा राष्ट्रीय जज (नेशनल जज) के रूप में नियुक्त किया गया है। इस उपलब्धि से पूरे रामगढ़ जिले सहित कराटे जगत में हर्ष और गर्व का माहौल है।

चंदन साहनी पिछले लगभग 20 वर्षों से रामगढ़ में अपने गुरु शिहान शशि पांडेय के मार्गदर्शन में कराटे से जुड़े हुए हैं और निरंतर प्रशिक्षण प्राप्त करते रहे हैं। अपने खेल जीवन में उन्होंने कई राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पहचान बनाई है।

इसके साथ ही उन्होंने प्रतिष्ठित 34वी नेशनल गेम्स में तलवारबाज़ी (फेंसिंग) स्पर्धा में झारखंड राज्य का प्रतिनिधित्व भी किया है, जो उनके खेल करियर की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल है।

राष्ट्रीय जज नियुक्त होने के बाद चंदन साहनी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरु शिहान शशि पांडेय को देते हुए कहा कि,

“आज मैं जो भी हूँ, अपने गुरु के मार्गदर्शन, अनुशासन और निरंतर प्रेरणा की वजह से हूँ। उन्होंने मुझे केवल कराटे ही नहीं, बल्कि खेल की असली भावना, धैर्य और समर्पण भी सिखाया। यह नियुक्ति मेरे लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है और मैं पूरी ईमानदारी से इस दायित्व का निर्वहन करूंगा।”

उन्होंने कहा कि रामगढ़ जैसे छोटे शहर से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर यह अवसर मिलना इस बात का प्रमाण है कि सही मार्गदर्शन और कड़ी मेहनत से कोई भी खिलाड़ी आगे बढ़ सकता है।

इस अवसर पर शिहान शशि पांडेय ने कहा कि चंदन साहनी बचपन से ही मेहनती, अनुशासित और सीखने के प्रति समर्पित रहे हैं। वर्षों तक लगातार अभ्यास और प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के कारण आज उन्हें यह सम्मान मिला है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरे रामगढ़ और झारखंड के लिए गर्व की बात है।

चंदन साहनी की इस उपलब्धि पर खेल जगत के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं प्रशिक्षकों ने उन्हें शुभकामनाएँ दीं। बधाई देने वालों में स्पोर्ट्स कराटे एसोसिएशन ऑफ झारखंड के सीईओ के.के. सिंह, अध्यक्ष शिहान मानस सिन्हा, महासचिव एहजाज असदाक, संयुक्त सचिव शिहान शशि पांडेय, रेफरी कमीशन के वाइस चेयरमैन रेंशी नरेंद्र सिन्हा, रेफरी कमीशन सदस्य सेंसई संजय सोनकर, रणजीत मेहता, सुमित कुमार सहित अनेक खिलाड़ी और खेल प्रेमी शामिल रहे।

इस उपलब्धि से झारखंड के रामगढ़ जिले के कराटे खिलाड़ियों में भी नया उत्साह देखने को मिल रहा है और युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली है।