जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम जिला, झारखंड) : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने जगन्नाथ मंदिर एवं स्पिरिचुअल सेंटर निर्माण स्थल पर किया भूमि पूजन

Spread the love

जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम), झारखंड :  भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु गुरुवार को रांची से विशेष विमान द्वारा जमशेदपुर पहुंचीं। उनके आगमन पर सोनारी एयरपोर्ट, जमशेदपुर पर उनका औपचारिक एवं गरिमामय स्वागत किया गया।

स्वागत करने वालों में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन द्वारा पहले से ही व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।

पूजा-अर्चना के साथ मंदिर निर्माण का शुभारंभ

जमशेदपुर प्रवास के दौरान राष्ट्रपति का पहला कार्यक्रम कदमा क्षेत्र के अनिल सुर पथ पर प्रस्तावित भगवान जगन्नाथ मंदिर एवं स्पिरिचुअल सेंटर के निर्माण स्थल पर आयोजित हुआ। यहां उन्होंने विधिवत भूमि पूजन कर निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत की। पुरी से आए विद्वान पुरोहितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपूर्ण अनुष्ठान सम्पन्न कराया गया, जिसमें राष्ट्रपति श्रद्धा भाव से सहभागी रहीं।

अपने संक्षिप्त संबोधन में राष्ट्रपति ने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थल समाज में सांस्कृतिक एकता, नैतिक मूल्यों और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करते हैं।

इस अवसर पर उन्होंने आरएसबी समूह के वाइस चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक एस. के. बेहरा तथा उनकी टीम की इस पहल की सराहना की।
एस. के. बेहरा ने कहा कि प्रस्तावित स्पिरिचुअल सेंटर भविष्य में धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का भी प्रमुख केंद्र बनेगा।

कई जनप्रतिनिधि और उद्योग जगत के प्रतिनिधि रहे उपस्थित

कार्यक्रम में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के अलावा जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, सिंहभूम की सांसद जोबा माझी, उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी तथा
टाटा स्टील के प्रबंध निदेशक टी. वी. नरेंद्रन भी मौजूद रहे।
इसके साथ ही शहर के अनेक गणमान्य नागरिक एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल हुए।

शैक्षणिक कार्यक्रम में भी लिया हिस्सा

भूमि पूजन कार्यक्रम के पश्चात राष्ट्रपति का अगला निर्धारित कार्यक्रम टाटा मणिपाल मेडिकल कॉलेज, जमशेदपुर में आयोजित शैक्षणिक गतिविधियों से संबंधित समारोह में भाग लेना रहा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति अपराह्न लगभग 3:50 बजे सोनारी एयरपोर्ट से रांची के लिए प्रस्थान किया । उनके आगमन से जमशेदपुर, पूर्वी सिंहभूम जिला, झारखंड में उत्साह और गौरव का वातावरण देखा गया।