रामगढ़, झारखंड : रामगढ़, झारखंड में यात्रियों की सुरक्षा एवं आपातकालीन सहायता को ध्यान में रखते हुए इनर व्हील क्लब ऑफ रामगढ़ द्वारा पुराने एवं नए बस स्टैंड से संचालित बसों में फर्स्ट-एड किट का वितरण किया गया।
इस पहल का उद्देश्य यात्रा के दौरान किसी भी आकस्मिक स्थिति में यात्रियों को तुरंत प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराना है। क्लब की ओर से दी गई किट में पट्टियाँ, कैंची, एंटीसेप्टिक मरहम, दर्द निवारक दवाएँ, बुखार, दस्त एवं उल्टी की दवाएँ, कॉटन, गॉज़, मेडिकल टेप, थर्मामीटर, इलेक्ट्रॉल तथा ओ.आर.एस. जैसी आवश्यक सामग्री शामिल की गई है।
इस दौरान क्लब सदस्यों ने बस चालकों एवं परिचालकों को फर्स्ट-एड किट के सही उपयोग की जानकारी भी दी और सभी से अपील की कि यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
क्लब पदाधिकारियों ने बताया कि यह अभियान सड़क सुरक्षा एवं जनहित के प्रति संस्था की प्रतिबद्धता को दर्शाता है और भविष्य में भी इस तरह के सामाजिक एवं सेवा कार्य लगातार जारी रखे जाएंगे।
कार्यक्रम में नमिता श्रॉफ, जनेशा वडेरा, मेघा बगरिया, नीरु साहनी, रंजू अग्रवाल, राजिंदर बुडवाल, पिंकी गांधी, मनबीर कौर, जसबिंदर होरा एवं नवलजीत कौर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहीं।