रामगढ़, झारखंड : रामगढ़ जिला के सिरका क्रिकेट स्टेडियम में शुक्रवार को बिहार फाउंड्री एंड कास्टिंग्स लिमिटेड द्वारा आयोजित अरुणा बुधिया मेमोरियल इंटर-डिपार्टमेंट क्रिकेट टूर्नामेंट 4.0 का भव्य समापन किया गया। फाइनल मुकाबले में फेरो फाइटर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पावर पार्टनर्स को पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
फाइनल मैच में फेरो फाइटर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 160 रन बनाए। जवाब में पावर पार्टनर्स की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 16.2 ओवर में 95 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह फेरो फाइटर्स ने यह मुकाबला 65 रनों के अंतर से जीत लिया। सधी हुई बल्लेबाजी और अनुशासित गेंदबाजी ने टीम को निर्णायक बढ़त दिलाई।
स्वर्गीय अरुणा बुधिया की स्मृति में आयोजित इस टूर्नामेंट में कुल 8 टीमों तथा लगभग 120 खिलाड़ियों ने भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क का उत्कृष्ट परिचय दिया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि अनंत शंकर सेठ (वीपी, जीएफए) ने सभी विभागाध्यक्षों एवं वरीय अधिकारियों की उपस्थिति में विजेता फेरो फाइटर्स और उपविजेता पावर पार्टनर्स टीम को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर प्रबंधन की ओर से कहा गया कि इस प्रकार के खेल आयोजन कर्मचारियों के बीच आपसी समन्वय, सौहार्द और संगठनात्मक एकता को मजबूत करते हैं। बीएफसीएल परिवार ने विजेता टीम फेरो फाइटर्स को बधाई देते हुए सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पूरे टूर्नामेंट के सफल आयोजन में सेबाल कुमार, सीनियर मैनेजर (प्रशासन) तथा श्री अतुल कुमार खेतान, एजीएम (अकाउंट्स) की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही।