मांग पत्र में विधायक ने पतरातु डैम की प्राकृतिक सुंदरता और यहां मौजूद पर्यटन संभावनाओं का उल्लेख करते हुए विभिन्न आधुनिक पर्यटन परियोजनाओं को जल्द स्वीकृति देने का आग्रह किया। उन्होंने डैम क्षेत्र में झूला पुल, कांच पुल, रोपवे तथा मरीन ड्राइव की तर्ज पर डैम के चारों ओर पर्यटन सड़क के निर्माण का प्रस्ताव रखा।
विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा कि पतरातु डैम अपनी प्राकृतिक छटा के कारण पहले से ही पर्यटकों के बीच लोकप्रिय स्थल है। यदि यहां आधुनिक पर्यटन सुविधाओं का विकास किया जाता है, तो यह राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल हो सकता है और बड़ी संख्या में पर्यटक यहां आने लगेंगे।
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के लागू होने से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे और क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।
वहीं मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने विधायक की मांगों को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि पतरातु डैम के पर्यटन विकास से जुड़े प्रस्तावों पर सकारात्मक पहल की जाएगी और संबंधित योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।