रांची (झारखंड) : झारखंड में होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और प्रदेश कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष रामगढ जिला के चितरपुर निवासी शहजादा अनवर ने पार्टी नेतृत्व के समक्ष अपनी दावेदारी पेश की है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को पत्र भेजकर राज्यसभा चुनाव में पार्टी उम्मीदवार बनाए जाने का अनुरोध किया है।
अपने पत्र में शहजादा अनवर ने कहा है कि वे पिछले दो दशक से अधिक समय से कांग्रेस संगठन के साथ सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं और पार्टी के प्रति पूरी निष्ठा के साथ कार्य करते रहे हैं। उन्होंने उल्लेख किया कि वर्ष 2020 के राज्यसभा चुनाव में भी पार्टी के निर्देश पर उन्होंने चुनाव मैदान में उतरकर संगठन के फैसले का सम्मान किया था।
उन्होंने वर्तमान राजनीतिक स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि झारखंड में गठबंधन दलों के पास पर्याप्त संख्या बल मौजूद है। उनके अनुसार, बेहतर रणनीति और समन्वय के जरिए गठबंधन दोनों सीटों पर जीत दर्ज कर सकता है।
शहजादा अनवर ने यह मुद्दा भी उठाया कि हाल के लोकसभा चुनावों में झारखंड से किसी मुस्लिम प्रत्याशी को मौका नहीं मिला। उन्होंने कहा कि पार्टी यदि उन्हें अवसर देती है तो वह पूरी जिम्मेदारी के साथ संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
पत्र के अंत में उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वे कांग्रेस के अनुशासित सिपाही हैं और पार्टी नेतृत्व का जो भी निर्णय होगा, उसे पूरी सम्मान के साथ स्वीकार करेंगे।