रामगढ़ (झारखंड) :जिलेभर में ईद-उल-अजहा का पर्व धार्मिक आस्था और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। शहर और आसपास के विभिन्न मस्जिदों एवं ईदगाहों में बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नमाज अदा कर अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी।
रामगढ शहर सौंदागर मोहल्ला जामा मस्जिद, दुसाध मोहल्ला स्थित कादरी मस्जिद, रामगढ़ बस स्टैंड के समीप इब्राहिम मस्जिद तथा कर्बला मोहल्ला की एकरा मस्जिद में सुबह से ही नमाजियों की भीड़ जुटने लगी थी। इसके अलावा गोलपार जामा मस्जिद, नईसराय ईदगाह, सर सैयद कॉलोनी स्थित कूबा मस्जिद, कांकेबार नूरी मस्जिद और नईसराय अक्सा मस्जिद में भी ईद-उल-अजहा की विशेष नमाज अदा की गई।
नमाज के दौरान सभी मस्जिदों और ईदगाहों के आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी लगातार क्षेत्र में निगरानी करते नजर आए ताकि पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।
मस्जिदों के बाहर अस्थायी दुकानों की कतार लगी रही, जिससे पूरे इलाके में मेले जैसा माहौल दिखाई दिया। बच्चों और युवाओं में खास उत्साह देखने को मिला। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद-उल-अजहा की मुबारकबाद दी और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।