रामगढ़, झारखंड : रामगढ़ जिले में निशानेबाजी खेल को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर राज्य स्तरीय स्वर्ण पदक विजेता एवं क्षेत्रीय स्तरीय रजत पदक विजेता शूटर बसंत कुमार हेतमसरिया ने उपायुक्त रामगढ़ श्री ऋतुराज को आवेदन सौंपा है। उन्होंने जिले में एक आधुनिक शूटिंग रेंज की स्थापना की मांग की है।
उपायुक्त को दिए गए आवेदन में बसंत कुमार हेतमसरिया ने कहा है कि रामगढ़ जिले में निशानेबाजी खेल के विकास की अपार संभावनाएं हैं। जिले के कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले रहे हैं तथा कुछ खिलाड़ी राष्ट्रीय चयन स्तर तक पहुंच चुके हैं। इसके बावजूद जिले में नियमित अभ्यास के लिए कोई समुचित शूटिंग रेंज उपलब्ध नहीं है।
उन्होंने बताया कि स्वयं निशानेबाजी खेल से जुड़े होने के कारण वे खिलाड़ियों की समस्याओं को करीब से समझते हैं। गुणवत्तापूर्ण अभ्यास सुविधाओं के अभाव में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपनी पूरी क्षमता का प्रदर्शन नहीं कर पाते हैं। खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए रांची अथवा अन्य जिलों की शूटिंग रेंज पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे समय और आर्थिक संसाधनों की अतिरिक्त आवश्यकता होती है।
बसंत कुमार हेतमसरिया ने अपने आवेदन में उल्लेख किया है कि झारखंड के अधिकांश प्रमुख जिलों में शूटिंग रेंज अथवा निशानेबाजी प्रशिक्षण की सुविधाएं उपलब्ध हैं, जबकि रामगढ़ जैसे महत्वपूर्ण जिले में ऐसी व्यवस्था का अभाव है। उनका मानना है कि यदि जिले में आधुनिक शूटिंग रेंज की स्थापना की जाती है तो न केवल स्थानीय खिलाड़ियों को लाभ मिलेगा, बल्कि आसपास के जिलों के खिलाड़ी भी यहां अभ्यास कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि शूटिंग रेंज की स्थापना से जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तैयार करने में मदद मिलेगी। साथ ही रामगढ़ को निशानेबाजी के एक उभरते केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकेगा।
आवेदन के माध्यम से उन्होंने उपायुक्त से इस दिशा में आवश्यक पहल करते हुए आधुनिक शूटिंग रेंज की स्थापना के लिए सकारात्मक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।