रामगढ़ उपकारा का खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने किया निरीक्षण, भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता व्यवस्था की जांच

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड): उपायुक्त श्री ऋतुराज के निर्देश पर जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने बुधवार को रामगढ़ उपकारा का निरीक्षण कर बंदियों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण तथा स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण का उद्देश्य खाद्य सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करना तथा बंदियों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराना था।

निरीक्षण के दौरान जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने सबसे पहले उपकारा के रसोईघर (किचन) का निरीक्षण किया। इस दौरान किचन में स्थापित ऑटोमैटिक रोटी मशीन की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया गया। साथ ही बंदियों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप भोजन तैयार करने की प्रक्रिया की जांच की गई। अधिकारियों ने किचन परिसर की साफ-सफाई और रखरखाव को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

इसके बाद पेयजल व्यवस्था, जल स्रोतों तथा डायनिंग रूम का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं का मूल्यांकन किया गया। जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि बंदियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए नियमित रूप से पानी की गुणवत्ता की जांच कराई जाए तथा निर्धारित अंतराल पर सभी आवश्यक परीक्षण सुनिश्चित किए जाएं।

निरीक्षण के क्रम में खाद्य सामग्री के गोदाम की भी जांच की गई। गोदाम में रखी विभिन्न खाद्य सामग्रियों की विनिर्माण तिथि (Manufacturing Date), अंतिम उपयोग तिथि (Expiry Date) तथा भंडारण व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया गया। खाद्य सामग्री के सुरक्षित एवं वैज्ञानिक भंडारण पर विशेष जोर देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने उपकारा प्रबंधन को नियमित रूप से पेस्ट कंट्रोल कराने, किचन एवं गोदाम की साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने तथा भोजन की गुणवत्ता पर निरंतर निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बंदियों को स्वच्छ, सुरक्षित और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है तथा इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।