रामगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई : राहुल गिरी गिरफ्तार, 19.15 ग्राम ब्राउन शुगर और 68.99 ग्राम गांजा बरामद

Spread the love

पतरातू थाना कांड में पहले तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मुख्य आरोपी की निशानदेही पर हुई बरामदगी, आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया

रामगढ़ (झारखंड) : रामगढ़ पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पतरातू थाना कांड संख्या-193/2026 में पुलिस ने मुख्य आरोपी राहुल कुमार उर्फ राहुल गिरी (26 वर्ष) को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर 19.15 ग्राम ब्राउन शुगर (हेरोइन) एवं 68.99 ग्राम गांजा बरामद किया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पतरातू थाना कांड संख्या-193/2026, दिनांक 24 जुलाई 2026, एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज मामले में इससे पहले एजाज अंसारी उर्फ विक्की, अजमत अंसारी तथा राहुल कुमार बैठिया को 25 जुलाई 2026 को 13.65 ग्राम ब्राउन शुगर (हेरोइन), एक मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन एवं अन्य सामान के साथ गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया था।

अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने राहुल कुमार उर्फ राहुल गिरी (पिता- रंजीत गिरी उर्फ बलू गिरी) को विधिवत गिरफ्तार किया। वह वर्तमान में बुढ़िया, असमडांगा, थाना पतरातू (बरकाकाना) तथा स्थायी रूप से सेंट्रल सौंदा, थाना पतरातू (भुरकुंडा), जिला रामगढ़ का निवासी है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर उसके घर के समीप से 19.15 ग्राम ब्राउन शुगर (हेरोइन) और 68.99 ग्राम गांजा बरामद कर जब्त किया गया। इसके बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

आरोपी का आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार राहुल कुमार उर्फ राहुल गिरी के विरुद्ध पहले भी कई मामले दर्ज हैं, जिनमें शामिल हैं—

  • पतरातू थाना कांड संख्या-24/2026 (एनडीपीएस एक्ट)

  • पतरातू थाना कांड संख्या-72/2026 (एनडीपीएस एक्ट)

  • पतरातू (भुरकुंडा) थाना कांड संख्या-68/2025, जिसमें बीएनएस की विभिन्न धाराएं दर्ज हैं।

इस कार्रवाई में भदानीनगर ओपी प्रभारी मो. अख्तर अली, पतरातू थाना प्रभारी शिवलाल कुमार गुप्ता, भुरकुंडा ओपी प्रभारी उपेंद्र कुमार, भदानीनगर ओपी के पुलिस पदाधिकारी सोमाय सोरेन, संजय कुमार सिंह तथा थाना सशस्त्र बल की टीम शामिल रही।