रामगढ़, झारखंड : वैश्य क्रांति सम्मेलन को सफल बनाने का संकल्प, 7 अगस्त को होगी जिला समिति की घोषणा

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : झारखंड प्रदेश वैश्य मोर्चा की ओर से शनिवार को भुरकुंडा स्थित उत्सव मैरेज हॉल में बैठक आयोजित की गई। बैठक में रामगढ़ एवं हजारीबाग जिलों के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता रामगढ़ जिलाध्यक्ष राजकुमार केशरी ने की, जबकि संचालन जिला प्रभारी बीरेन्द्र कुमार ने किया। केंद्रीय अध्यक्ष महेश्वर साहु मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

बैठक का मुख्य उद्देश्य 9 अगस्त को रामगढ़ में प्रस्तावित वैश्य क्रांति सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा एवं जिला समिति के विस्तार पर चर्चा करना था। विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 2 अगस्त से 6 अगस्त तक सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों और प्रखंडों में जनसंपर्क अभियान चलाएंगे, बैठकें आयोजित करेंगे तथा सम्मेलन में भाग लेने वाले प्रतिनिधियों की सूची तैयार करेंगे। तैयारी समिति के संयोजक, सह-संयोजक एवं सदस्य इन कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से शामिल रहेंगे।

बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय अध्यक्ष महेश्वर साहु ने कहा कि वैश्य एवं पिछड़े वर्गों से जुड़े मुद्दों पर सरकार अब अधिक समय तक आंखें मूंदकर नहीं चल सकती। उन्होंने कहा कि समाज के अधिकारों की लड़ाई को मजबूत बनाने के लिए संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी निष्ठा और क्षमता के साथ अभियान में जुटना होगा। उन्होंने सभी समाज के लोगों से भी संगठन के आंदोलन को सहयोग देने की अपील की।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 7 अगस्त को रामगढ़ में तैयारी की समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। इसी दिन रामगढ़ एवं हजारीबाग जिला समिति के विस्तार की सूची भी जारी की जाएगी।

दो हत्याकांडों की निंदा, मुआवजे की मांग

बैठक में प्रस्ताव पारित कर रामगढ़ के सुमित अग्रवाल तथा लोहरदगा के युवा व्यवसायी शुभम साहु की हत्या की कड़ी निंदा की गई। प्रशासन से दोनों मामलों में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की गई। साथ ही राज्य सरकार से दोनों पीड़ित परिवारों को 50-50 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग भी उठाई गई।

बैठक में केंद्रीय समिति के वरीय उपाध्यक्ष ढलन साव, केंद्रीय महासचिव आदित्य नारायण प्रसाद, केंद्रीय संगठन सचिव बसंत प्रसाद साहु, केंद्रीय सदस्य विश्वामित्र गुप्ता ‘बाचल’, भुनेश्वर साव, हजारीबाग जिलाध्यक्ष महेंद्र साहु, कार्यकारी अध्यक्ष मुन्ना प्रसाद गुप्ता (रामगढ़), महिला मोर्चा की महासचिव गीता देवी, पतरातू प्रखंड अध्यक्ष मुकेशलाल सिंदूरिया, गोला प्रखंड अध्यक्ष बद्री प्रसाद साहु, रंजीत प्रसाद, सुधीर पोद्दार, मद्धेश्वर केशरी, देवकुमार पंडित, उपेन्द्र शर्मा, सीता देवी, संतोष कुमार साव, भरत केशरी, जीवन गुप्ता, गोपाल केशरी, विजय केशरी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।