रांची, झारखंड : स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर झारखंड पुलिस के 29 अधिकारियों और जवानों को उनकी सेवा, साहस और उत्कृष्ट कार्य के लिए विभिन्न श्रेणियों में पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा। सम्मान पाने वालों में तीन आईपीएस अधिकारी और पांच महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
गृह विभाग की ओर से जारी सम्मान सूची के अनुसार एक पुलिसकर्मी को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक, जबकि पांच पुलिसकर्मियों को वीरता पदक प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा 23 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा।
एएसआई कैलाश प्रसाद श्रेष्ठ को राष्ट्रपति पदक
विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक जैप-1 के एएसआई कैलाश प्रसाद श्रेष्ठ को दिया जाएगा। लंबे समय तक उत्कृष्ट सेवा के लिए उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया जा रहा है।
पांच पुलिसकर्मियों को वीरता सम्मान
वीरता के लिए चयनित पुलिसकर्मियों में लातेहार के सब इंस्पेक्टर विनय कुमार, आईआरबी-4 लातेहार के एएसआई प्रमोद कुमार राय, लातेहार जिला बल के आरक्षी वेद प्रकाश महतो और रामचंद्र कुमार महतो तथा आईआरबी-1 जामताड़ा के आरक्षी कृष्णा मुर्मू शामिल हैं।
तीन IPS समेत 23 को सराहनीय सेवा पदक
सराहनीय सेवा के लिए चयनित अधिकारियों में आईजी रेल डॉ. माईकेलराज एस, केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत आईपीएस अन्नेपु विजयालक्ष्मी और डीआईजी कोल्हान अनुरंजन किस्पोट्टा शामिल हैं।
इस श्रेणी में स्पेशल ब्रांच के डीएसपी नीरज कुमार, वायरलेस के इंस्पेक्टर अरुण कुमार, एसटीएफ के इंस्पेक्टर मनोज कुमार राय, आईटीएस रांची के इंस्पेक्टर असित कुमार मोदी तथा एसटीएफ के एएसआई अरविंद कुमार पालित, वशिष्ठ कुंवर, संजीव कुमार झा और विजय कुमार को भी सम्मानित किया जाएगा।
रांची जिला के एएसआई दीपक पुंज, सीआईडी के एएसआई महेंद्र महतो, एसटीएफ के हवलदार इकबाल, हवलदार बिन्दराय मुण्डरी और हवलदार विजय थापा को भी सराहनीय सेवा के लिए पदक मिलेगा।
जैप-10 होटवार की महिला आरक्षी मान्ती खलखो, प्रभा देवी और महिला हवलदार रंजिता कुजूर भी सम्मान पाने वालों में शामिल हैं। इनके अलावा गढ़वा के आरक्षी विदेशी मांझी, चतरा के आरक्षी अजय कुमार दूबे, जैप-10 की महिला आरक्षी पुष्पा ओड़ेया और गुमला के आरक्षी दीपक कुमार सिंह को भी सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया जाएगा।
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर होने वाला यह सम्मान समारोह झारखंड पुलिस के उन अधिकारियों और जवानों के योगदान को सम्मानित करेगा, जिन्होंने अपने कर्तव्यों के निर्वहन में उल्लेखनीय सेवा, साहस और समर्पण का परिचय दिया है।
Permalink: