रामगढ़ में निकली तिरंगा यात्रा, सुभाष चौक पर नेताजी की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

Spread the love

रामगढ़ कैंट, झारखंड : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रभक्ति और देशप्रेम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से रामगढ़ में तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा रामगढ़ ब्लॉक परिसर से प्रारंभ होकर सुभाष चौक पहुंची। हाथों में तिरंगा लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं, युवाओं और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। पूरे मार्ग में देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंजता रहा।

सुभाष चौक पहुंचने के बाद भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से पूरा परिसर गुंजायमान हो उठा।

भाजपा रामगढ़ जिला अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस का जीवन अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और त्याग की प्रेरणा देता है। उनका स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और सम्मान की रक्षा का संकल्प लिया गया।

रामगढ़ कैंट मंडल अध्यक्ष सुशांत कुमार पांडेय ने कहा कि तिरंगा देश के गौरव, स्वाभिमान और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। नेताजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन करना यात्रा का महत्वपूर्ण और गौरवपूर्ण क्षण रहा। उन्होंने युवा पीढ़ी से स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष एवं आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

तिरंगा यात्रा में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, युवा मोर्चा के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ राधा गोविंद स्कूल के छात्र-छात्राएं भी शामिल हुए। यात्रा के दौरान स्थानीय नागरिकों में भी उत्साह देखने को मिला और कई स्थानों पर लोगों ने यात्रा का स्वागत किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. संजय प्रसाद सिंह, इला रानी पाठक, जगेश्वर प्रजापति, महेंद्र प्रजापति, शीतल सिंह, रूपा साहू, वरुण सिंह, सुरजीत सिंह छाबड़ा, राजेश ठाकुर, सुनील प्रसाद, शिव कुमार महतो, बबलू साव सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।