रामगढ़, झारखंड : बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना 2026 के तहत किसानों को खरीफ फसलों का बीमा कराने के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को जागरूकता वाहन रवाना किया गया। रामगढ़ के उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल ने जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के सहकारिता प्रभाग के अंतर्गत खरीफ फसल 2026 के लिए किसानों का फसल बीमा कराया जा रहा है। योजना का लाभ लेने के इच्छुक किसान अपने नजदीकी प्रज्ञा केंद्र (CSC) के माध्यम से अथवा pmfby.gov.in पोर्टल पर Farmer Login के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित है।
पंजीकरण के लिए जरूरी दस्तावेज
किसानों को पंजीकरण के दौरान आधार कार्ड, बैंक पासबुक, राजस्व पदाधिकारी द्वारा जारी नवीनतम भूमि प्रमाण पत्र उपलब्ध कराना होगा। यदि नवीनतम भूमि प्रमाण पत्र तत्काल उपलब्ध नहीं है, तो मुखिया/प्रधान से सत्यापित वंशावली एवं भूमि विवरणी प्रस्तुत की जा सकती है। इसके अलावा बटाईदार किसानों के लिए नोटराइज्ड शपथ पत्र के रूप में बटाई प्रमाण पत्र, स्व-सत्यापित फसल बुआई प्रमाण पत्र और मोबाइल नंबर आवश्यक होगा।
योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को ₹1 की टोकन राशि का भुगतान करना होगा। योजना के तहत खरीफ फसल में अगहनी धान के लिए ₹70,100 प्रति हेक्टेयर तथा भदई मकई के लिए ₹54,300 प्रति हेक्टेयर की बीमा राशि निर्धारित की गई है।
किसानों को योजना से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 14447 पर संपर्क करने की अपील की गई है। जागरूकता वाहन के माध्यम से किसानों को योजना की पात्रता, पंजीकरण प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और निर्धारित समय सीमा की जानकारी दी जाएगी।