रामगढ़ कैंट, झारखंड : भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की 8वीं पुण्यतिथि के अवसर पर रविवार को रामगढ़ कैंट मंडल कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष सुशांत कुमार पांडेय ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्प अर्पित करने और दीप प्रज्वलित करने के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेता की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
इस अवसर पर वक्ताओं ने अटल बिहारी वाजपेयी के व्यक्तित्व, कृतित्व और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को याद किया। उनकी चर्चित कविता ‘आओ फिर से दिया जलाएं’ का उल्लेख करते हुए वक्ताओं ने कहा कि अटल जी ने अपने विचारों, कविताओं और राजनीतिक जीवन के माध्यम से देश सेवा के जो आदर्श स्थापित किए, वे आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करते रहेंगे।
वक्ताओं ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विचार, आदर्श और रचनाएं हमेशा समाज और राष्ट्र को मार्गदर्शन देते रहेंगे। उनका जीवन भारतीय लोकतंत्र, राष्ट्रसेवा और सार्वजनिक जीवन में मर्यादा का उदाहरण रहा है।
कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री ऋषिकेश सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सौरभ जायसवाल ने किया।
श्रद्धांजलि सभा में राजीव रंजन प्रसाद, महेंद्र प्रजापति, शशि शेखर सिंह, संतोष साह, विनीता सिंह, सौरभ जायसवाल, ब्रजेश पाठक, अजीत गुप्ता, अमर कुमार भारती, जगदीश शर्मा, कुणाल दास, अरविंद सिंह, बैजू नाथ सिंह, गोबिंद साह, चंद्रशेखर वर्मा, सुदीप मिश्रा, रोशन जायसवाल, रम्मा मिश्रा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।