एनएचए के सीइओ डॉ सुनील कुमार बर्णवाल ने किया सदर अस्पताल रामगढ़ का निरीक्षण

Spread the love

आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के क्रियान्वयन का लिया जायजा

रामगढ़, झारखंड  : आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) के तहत रामगढ़ जिले को मॉडल जिला के रूप में विकसित करने की दिशा में आयोजित मॉडल डिस्ट्रिक्ट इनिशिएटिव कार्यशाला के बाद राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (NHA) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. सुनील कुमार बर्णवाल ने सदर अस्पताल, रामगढ़ का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के क्रियान्वयन की स्थिति और इसके विस्तार की संभावनाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान NHA के निदेशक डॉ. पंकज कुमार अरोड़ा, झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग की विशेष सचिव डॉ. नेहा अरोड़ा, निदेशक प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना शशि प्रकाश सिंह, अभियान निदेशक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन शशि प्रकाश झा, राज्य अभियान निदेशक आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन दिनेश कुमार यादव, उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज एवं उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।

ABHA ID और डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड की ली जानकारी

निरीक्षण के दौरान डॉ. बर्णवाल ने सदर अस्पताल में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत संचालित एवं प्रस्तावित डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न विभागों का भ्रमण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं तथा डिजिटल तकनीक के माध्यम से इन्हें और बेहतर बनाने की संभावनाओं का जायजा लिया।

उन्होंने अस्पताल प्रबंधन एवं स्वास्थ्य पदाधिकारियों से ABHA ID निर्माण, डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड, डिजिटल पंजीकरण, मरीजों की स्वास्थ्य संबंधी जानकारी के सुरक्षित डिजिटल प्रबंधन तथा डिजिटल माध्यम से जांच रिपोर्ट एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली।

मरीजों के अनुभव को बेहतर बनाने पर जोर

डॉ. सुनील कुमार बर्णवाल ने कहा कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन का उद्देश्य केवल स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल बनाना नहीं है, बल्कि तकनीक के माध्यम से मरीजों के अनुभव को बेहतर बनाना तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और पहुंच को मजबूत करना है।

उन्होंने सदर अस्पताल में उपलब्ध डिजिटल सुविधाओं का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने और जहां आवश्यकता हो, वहां डिजिटल सेवाओं को और सुदृढ़ करने पर जोर दिया। उन्होंने अस्पताल आने वाले मरीजों को डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी देने और उन्हें ABHA ID के उपयोग के लिए प्रोत्साहित करने की आवश्यकता बताई।

उन्होंने कहा कि रामगढ़ को मॉडल जिला बनाने के लिए सदर अस्पताल के साथ-साथ जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में ABDM के विभिन्न घटकों का प्रभावी क्रियान्वयन आवश्यक है।

डिजिटल तकनीक के बेहतर एकीकरण पर चर्चा

NHA के निदेशक डॉ. पंकज कुमार अरोड़ा ने भी अस्पताल में डिजिटल स्वास्थ्य व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं के साथ डिजिटल तकनीक के बेहतर एकीकरण को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज ने अधिकारियों को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन द्वारा आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय कर सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि जिले में मजबूत डिजिटल हेल्थ इकोसिस्टम विकसित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसका उद्देश्य डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का सीधा लाभ आम नागरिकों तक पहुंचाना है।

मॉडल जिला बनाने के लिए कार्ययोजना पर मंथन

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अस्पताल की व्यवस्थाओं, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं और डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर संबंधित पदाधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों से जानकारी ली।

साथ ही रामगढ़ को डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक प्रभावी मॉडल जिला बनाने के लिए आवश्यक समन्वय, तकनीकी एकीकरण और आगामी कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई।