रामगढ़ में जंगली हाथियों का आतंक, राशन दुकान तोड़ी ; हजारों रुपये का नुकसान

Spread the love

कुजू (रामगढ), झारखंड : रामगढ़ नगर परिषद क्षेत्र के सांडी स्थित टूटी झरना इलाके में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। देर रात करीब एक बजे दो जंगली हाथियों ने सीताराम राशन दुकान को निशाना बनाते हुए शटर और दरवाजे को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद दुकान के अंदर रखी खाद्य सामग्री समेत कई सामानों को बर्बाद कर दिया गया।

टूटी झरना निवासी राजन पाठक ने बताया कि हाथियों के उत्पात से दुकान को काफी नुकसान हुआ है। दुकानदार के अनुसार घटना में करीब 25 से 30 हजार रुपये की आर्थिक क्षति हुई है।

बाउंड्री वॉल और गेट भी तोड़ा

स्थानीय लोगों के अनुसार इससे पहले भी जंगली हाथियों ने क्षेत्र में उत्पात मचाया है। हाथियों ने सरयू महतो के घर की बाउंड्री वॉल को तोड़ने के साथ गेट भी उखाड़ दिया। लगातार हो रही घटनाओं से स्थानीय लोगों में भय और दहशत का माहौल है।

घनी आबादी में हाथियों की मौजूदगी से बढ़ी चिंता

टूटी झरना क्षेत्र रामगढ़ शहर से सटा हुआ घनी आबादी वाला इलाका है। यहां बड़ी संख्या में लोग निवास करते हैं। इसी क्षेत्र में प्रसिद्ध टूटी झरना मंदिर भी स्थित है, जहां दूर-दराज से श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में आबादी वाले क्षेत्र में जंगली हाथियों की मौजूदगी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

वन विभाग से हाथियों को सुरक्षित क्षेत्र में पहुंचाने की मांग

स्थानीय लोगों ने वन विभाग से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। लोगों का कहना है कि हाथियों को सुरक्षित तरीके से आबादी वाले क्षेत्र से हटाकर जंगल की ओर पहुंचाया जाए, ताकि लगातार हो रहे संपत्ति के नुकसान के साथ किसी बड़ी जनहानि की घटना को भी रोका जा सके।

गोला, चितरपुर समेत कई क्षेत्रों में भी हाथियों का उत्पात

रामगढ़, झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों से जंगली हाथियों का उत्पात लगातार सामने आ रहा है। कुछ दिन पहले गोबरदरहा क्षेत्र में हाथियों के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है। वहीं चितरपुर और गोला क्षेत्र में भी हाथियों से जुड़ी घटनाएं सामने आती रही हैं।

लगातार बढ़ रही घटनाओं को देखते हुए ग्रामीणों और स्थानीय लोगों से सतर्क रहने तथा वन विभाग से हाथियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने की मांग की जा रही है।