रामगढ़ गुरुद्वारा साहिब में धूमधाम से मनाया गया गुरु ग्रंथ साहिब जी का पहला प्रकाश पर्व, रंगीन लाइट और फूलों से सजा गुरुद्वारा साहिब

Spread the love

 रामगढ़ कैंट, झारखंड :  रामगढ़ गुरुद्वारा साहिब में गुरु ग्रंथ साहिब जी का पहला प्रकाश पर्व धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। प्रकाश पर्व को लेकर गुरुद्वारा साहिब को आकर्षक रंगीन लाइटों एवं फूलों से सजाया गया था। इस अवसर पर गुरुद्वारा साहिब में विशेष कीर्तन दरबार सजाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में सिख श्रद्धालुओं ने शामिल होकर गुरु घर की खुशियां प्राप्त कीं।

विशेष कीर्तन दरबार में “ऐसे गुरु को बल बल जाइये” जैसे शबद से अमृतसर वाले भाई परमजीत सिंह ने अपनी मधुर आवाज में साध संगत को निहाल किया। कीर्तन दरबार का आयोजन शाम 6:30 बजे से रात 9:30 बजे तक चला। इसके बाद सिख संगत के बीच अटूट लंगर बरताया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

रामगढ़ गुरुद्वारा साहिब के प्रधान परमदीप सिंह कालरा ने गुरु ग्रंथ साहिब जी के पहले प्रकाश पर्व के महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि गुरु नानक देव जी से लेकर पांचवें गुरु अर्जुन देव जी तक की लिखित बाणी के साथ-साथ संत कबीर जी, भाई रविदास जी, नामदेव जी, भाई फरीद जी तथा विभिन्न जातियों के महापुरुषों की बाणी को एकत्रित कर ग्रंथ तैयार किया गया था। इसके बाद श्री दरबार साहिब, अमृतसर में गुरु ग्रंथ साहिब जी का पहला प्रकाश किया गया तथा ब्रह्म ज्ञानी भाई बूढ़ा सिंह जी को पहला हेड ग्रंथी नियुक्त किया गया।

उन्होंने बताया कि गुरु ग्रंथ साहिब जी में विभिन्न संतों और महापुरुषों की वाणी का समावेश मानवता, समानता और आध्यात्मिक एकता का संदेश देता है। प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारा साहिब में श्रद्धालुओं ने श्रद्धा के साथ माथा टेका और गुरु का आशीर्वाद प्राप्त किया।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से गुरुद्वारा साहिब के प्रधान परमदीप सिंह कालरा, मीत प्रधान अमरजीत सिंह सैनी, हैप्पी छाबड़ा, महासचिव हरदीप सिंह, कुलवंत सिंह मारवाह, रघुवीर सिंह छाबड़ा, प्रीतम सिंह कालरा, गुरदीप सिंह सैनी, किंकी बाबू, गुरजीत सिंह सलूजा, जगजीत सिंह जग्गी, हरप्रीत सिंह खालसा, नरेंद्र सिंह चमन, मनपाल सिंह सोनी, रौनक छाबड़ा, गुल्लू आनंद, गुरजोत सिंह, परमजीत कौर भुसरी, जसप्रीत कौर, करमजीत कौर, गगन कौर, सुखमीत कौर सोनी, रोमी छाबड़ा, सुमी, जोली, चरणजीत कौर जॉली, मनप्रीत कौर सैनी, बलविंदर कौर छाबड़ा, रविंदर कौर पवार सहित सिख समाज के बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

प्रकाश पर्व के दौरान गुरुद्वारा साहिब में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा। कीर्तन दरबार और अटूट लंगर में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।