रक्तदान महादान और ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान से रामगढ़ में भाजपा ने दिया सेवा एवं समर्पण का संदेश

Spread the love

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर रक्तदान शिविर आयोजित, घर-घर जलाया गया आशीर्वाद का दीया

रामगढ़ कैंट, झारखंड : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर भाजपा रामगढ़ जिला की ओर से सेवा, समर्पण और कृतज्ञता की भावना के साथ विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की लोकसेवा और राष्ट्र के प्रति योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘रक्तदान महादान’ तथा ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान के माध्यम से सेवा और शुभकामनाओं का संदेश दिया।

जिला स्थित रक्त बैंक परिसर में भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में भाजपा के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने रक्तदान को मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए अधिक से अधिक लोगों को इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित किया।

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, मंगलमय एवं दीर्घायु जीवन की कामना को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और लाभुकों ने अपने-अपने आवास पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया। घर-घर दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री के प्रति शुभकामनाएं और कृतज्ञता व्यक्त की गईं। रामगढ़ जिले के विभिन्न मंडलों में हजारों कार्यकर्ताओं और लाभुकों ने उत्साह के साथ अभियान में सहभागिता निभाई।

भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता रहे उपस्थित

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल, बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी, जिला अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह, जिला महामंत्री राजू चतुर्वेदी एवं जगेश्वर प्रजापति, रणंजय कुमार उर्फ कूंटू बाबू, डॉ. संजय प्रसाद सिंह, रंजन फौजी सहित जिला पदाधिकारी, मोर्चा पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल पदाधिकारी और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला महामंत्री राजू चतुर्वेदी, जगेश्वर प्रजापति, राजीव जायसवाल, सुनील प्रसाद, मनोज कुमार महतो, कुणाल दास, शशिशेखर सिंह, गौतम महतो, रूपा साहू एवं विनोद कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

जिला अध्यक्ष ने बताई अभियान की महत्ता

भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने कहा कि ‘रक्तदान महादान’ अभियान सेवा और मानवता का संदेश देता है, जबकि ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति जनभावना, शुभकामना और कृतज्ञता की प्रतीकात्मक अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि दोनों अभियानों के माध्यम से रामगढ़ भाजपा ने सेवा को संकल्प और संकल्प को जनभागीदारी से जोड़ने का संदेश दिया।