माता वैष्णो देवी मंदिर में हवन और कन्या पूजन, सोमवार को होगा भंडारा

Spread the love

रामगढ़ कैंट, झारखंड  :  शहर के झंडा चौक स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर में शारदीय नवरात्र के अवसर पर धार्मिक अनुष्ठान श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हो रहे हैं। रविवार को मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन किया गया। इसके बाद नौ कन्याओं का पूजन कर उन्हें प्रसाद खिलाया गया। मंदिर परिसर में दिनभर भक्तिमय वातावरण बना रहा।

हवन में यजमान ने दी आहुति

मंदिर के पुजारी पंडित लीलाधर शर्मा ने मुख्य यजमान मोहित धमीजा और उनकी पत्नी चांदनी धमीजा को विधि-विधान से पूजा कराई। इसके बाद यजमान ने वैदिक मंत्रों के उच्चारण के बीच हवन कुंड में आहुतियां अर्पित कीं। हवन के पश्चात कन्या पूजन किया गया। नौ कन्याओं को प्रसाद खिलाकर श्रद्धालुओं ने उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

महाअष्टमी पर उमड़े श्रद्धालु

महाअष्टमी के अवसर पर माता के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। नवरात्र अनुष्ठान के कारण मंदिर परिसर में भक्ति और उल्लास का माहौल देखने को मिला।

सोमवार सुबह से वितरित होगा भंडारे का प्रसाद

मंदिर में सोमवार को सुबह आठ बजे से भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया जाएगा।

आयोजन में पंजाबी हिंदू बिरादरी के अध्यक्ष सुरत चन्द्र वासुदेव, महासचिव महेश मारवाह सहित बिरादरी के अनेक सदस्य सहयोग कर रहे हैं।