BJP Attack on Congress: पीएम मोदी की ‘गायब’ तस्वीर पर गरमाई सियासत, आमने सामने BJP-कांग्रेस, आरोप-प्रत्यारोप जारी

Spread the love

BJP Attack on Congress: पहलगाम हमले को लेकर कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है. पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें कांग्रेस ने ऐसा फोटो डाला है जिसका  सिर और हाथ-पैर गायब नजर आ रहे हैं. साथ ही एक कैप्शन लिखा हुआ है “जिम्मेदारी के समय GAYAB. बीजेपी इस पोस्ट पर भड़क गई है. पार्टी नेता कांग्रेस पर हमला बोल रहे हैं.

BJP Attack on Congress: भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस की एक पोस्ट के खिलाफ पार्टी पर हमला बोल दिया है. बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस को जमकर आड़े हाथ लिया है. कांग्रेस की ओर से एक फोटो और बयान जारी किया गया है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संकट के समय ‘गायब’ नेता के रूप में दर्शाने की कोशिश की गई है. बीजेपी की आईटी इकाई के प्रमुख अमित मालवीय ने सोशल मीडिया पर एक्स पर लिखा “कांग्रेस ने ‘सिर तन से जुदा’ वाली फोटो का इस्तेमाल करके कोई संदेह नहीं छोड़ा है. यह महज एक राजनीतिक बयान नहीं है. यह मुस्लिम वोट बैंक को निशाना बनाने और प्रधानमंत्री के खिलाफ परोक्ष तरीके से उकसावे वाला काम है.”

कांग्रेस ने सोशल मीडिया में किया पोस्ट

कांग्रेस की ओर से सोशल मीडिया पर किए गए एक पोस्ट में प्रधानमंत्री की किसी पुरानी तस्वीर को उनके नाम के बिना दिखाया गया है जिसमें केवल परिधान दिखाई दे रहे हैं और शरीर दिखाई नहीं दे रहा है. कांग्रेस ने एक्स पर जारी इस पोस्ट में ऊपर गायब लिखा है. इसपर अमित मालवीय ने कहा “कांग्रेस ने इस तरह का हथकंडा पहली बार नहीं अपनाया है. राहुल गांधी ने कई बार प्रधानमंत्री के प्रति हिंसा को उकसाया भी है और उसे सही भी ठहराया है. फिर भी कांग्रेस इसमें कामयाब नहीं होगी क्योंकि प्रधानमंत्री को लाखों भारतीयों का स्नेह और आशीष प्राप्त है.” उन्होंने यह भी कहा कि अगर किसी का सिर कटा है तो वह कांग्रेस है, जो अब बिना सिर वाले हाइड्रा की तरह इधर-उधर हाथ-पैर पटक रही है.