गिद्दी सी में 22 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर दी जान, कॉलोनी में मातम का माहौल

Spread the love

गिद्दी (हज़ारीबाग): गिद्दी सी स्थित कॉलोनी में शनिवार रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां 22 वर्षीय युवक रोहित कुमार ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के पिता मनोज महतो ने बताया कि रोहित ने रात का खाना खाकर अपने कमरे में सोने चला गया था। रविवार सुबह परिवार के सदस्यों को जब वह कमरे से बाहर नहीं आया, तब उन्होंने दरवाजा खोलकर देखा और उसकी फांसी पर लटकती हुई लाश देखकर सन्न रह गए।

घटना की सूचना मिलते ही गिद्दी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु हजारीबाग भेज दिया। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है। फिलहाल परिजनों ने किसी कारण की जानकारी होने से इनकार किया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और कॉलोनी में शोक की लहर दौड़ गई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, रोहित अक्सर ऑनलाइन गेमिंग, विशेषकर पैसे लगाकर खेले जाने वाले गेम्स में सक्रिय रहता था। बताया जा रहा है कि शनिवार शाम को वह काफी परेशान नजर आ रहा था। हालांकि, पुलिस द्वारा अभी इसकी पुष्टि नहीं की गई है।

गिद्दी पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल डाटा की जांच के बाद ही आत्महत्या के कारणों को लेकर कोई स्पष्ट निष्कर्ष निकाला जा सकेगा।