रामगढ़: दिगवार ट्रामा सेंटर में सुई लगाने के बाद महिला की मौत, ग्रामीणों का हंगामा, संचालक ने किया सरेंडर

Spread the love

रामगढ़ (कुजू): रामगढ़ जिले के दिगवार स्थित अशोक हेल्थ केयर एंड ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान पोचरा निवासी आशा देवी (24), पति त्रिगुणी गोप, के रूप में हुई है। वह वर्तमान में अपने मायके आई हुई थी और बुधवार सुबह खांसी व सर्दी की शिकायत के बाद सेंटर में भर्ती हुई थीं।

परिजनों के अनुसार, सुबह 8:30 बजे डॉक्टरों द्वारा सुई लगाने के बाद उसकी तबीयत और बिगड़ने लगी, और दोपहर करीब 12 बजे उसकी मौत हो गई। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने ट्रामा सेंटर में जमकर हंगामा और तोड़फोड़ किया। दो कर्मियों के साथ मारपीट भी की गई।

घटना की सूचना पर कुजू ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। मृतका के पिता सुखदेव यादव की शिकायत पर शव को पोस्टमार्टम के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भेजा गया। मामले में दंडाधिकारी की उपस्थिति में मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया।

ट्रामा सेंटर संचालक अशोक कुशवाहा ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कुजू ओपी में स्वयं सरेंडर कर दिया। परिजन सेंटर पर गलत इलाज और लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजा और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

आशा देवी के दो मासूम बच्चे हैं, जिनमें एक ढाई साल की बेटी और एक माह का बेटा शामिल है। घटना के बाद पूरे परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है।

आक्रोशित लोगों को समझाते ओपी प्रभारी