कुजू (रामगढ़): डीएवी पब्लिक स्कूल, आरा में सोमवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की 10वीं वर्षगांठ को लेकर भव्य प्रभातफेरी का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सीसीएल मुख्यालय दरभंगा हाउस, रांची के सौजन्य से आयोजित किया गया। प्रभातफेरी का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना और इसे जीवनशैली में अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
प्रभातफेरी की शुरुआत विद्यालय परिसर से हुई और यह सारुबेरा स्थित हनुमान मंदिर एवं शिव मंदिर होते हुए पुनः विद्यालय परिसर में समाप्त हुई। इस आयोजन में विद्यालय के लगभग 1000 विद्यार्थियों ने भाग लिया और योग के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
विद्यालय के प्राचार्य आलोक कुमार ने इस अवसर पर कहा कि “योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक संतुलन और आत्मिक शांति भी प्रदान करता है। योग के माध्यम से व्यक्ति जीवन में योग्य और संतुलित बन सकता है।”
उन्होंने यह भी बताया कि 16 जून से 21 जून तक विद्यालय परिसर में योग को लेकर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों और समुदाय के लोगों को योग का महत्व समझाया जाएगा।
इस आयोजन में विद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्रों की सक्रिय सहभागिता रही, जिन्होंने पूरे उत्साह से कार्यक्रम को सफल बनाया।